- Hindi News
- एसएमएस अस्पताल में सर्वर ठप, मरीज परेशान
एसएमएस अस्पताल में सर्वर ठप, मरीज परेशान
भास्कर न्यूज जयपुर.
एसएमएस अस्पताल में रविवार को ५० मिनट तक सर्वर ठप रहा। सर्वर ठप रहने के कारण मरीजों के भर्ती फार्म नहीं बन सके और उन्हें खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में अस्पताल कर्मचारियों ने भर्ती फार्म हाथ से भरकर बनाया। अस्पताल में ओपीडी समय में सर्वर ठप हुआ। केवल दो घंटे का ओपीडी होने के कारण भी मरीजों को परेशानी हुई। हालांकि कर्मचारियों ने हाथ से तुरंत पर्ची बनाई लेकिन डॉक्टरों के निर्धारित समय पर चले जाने से परेशानी हुई।
एसएमएस अस्पताल में सुबह करीब १० बजे सर्वर ठप हो गया। इसके करीब १५ मनिट बाद सर्वर शुरू हुआ और फिर से १०.४० बजे ठप हो गया। कर्मियों ने डाटा सेंटर में संपर्क किया। इसके बाद उन्हें तुरंत इसके सही किए जाने की जानकारी मिली। गौरतलब है कि अस्पताल में सर्वर आए दिन ठप होता है। हालांकि अस्पताल प्रशासन इसे सही कराने के लिए काम भी करा चुका है लेकिन आए दिन की समस्या से छुटकारा नहीं मिला है। ऐसे में अब सर्वर की पूरी व्यवस्था फिर से दुरुस्त कराने की कवायद चल रही है।