जयपुर। मालवीय नगर में झालाना रोड पर शनिवार को भाजपा की रैली में आए कार्यकर्ताओं की बस से कुचलकर मरे युवक का दूसरे दिन पोस्टमार्टम नहीं हो सका। इसकी वजह मौत पर मुआवजे और पत्नी को सरकारी नौकरी दिलाने की मांग को लेकर कांग्रेस व अल्पसंख्यक संगठनों के कार्यकर्ता एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठे रहे। सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना मिलने पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। समझाइश का प्रयास किया। लेकिन देर शाम तक बात नहीं बनी।
यह था मामला: बरौनी टोंक निवासी मोहम्मद शहजाद (34) यहां सांगानेर में रहता था। वह सउदी अरब में काम करता था। करीब तीन माह से छुट्टियां बिताने वह विदेश से यहां आया था। शनिवार देर शाम को वह साथी के साथ एक्टिवा पर झालाना रोड से गुजर रहा था। मालवीय नगर में सी टू प्लाजा के समीप मोक्षधाम के सामने एक बस ने एक्टिवा को टक्कर मारी। इसकी चपेट में आने से मोहम्मद शहजाद की मौत हो गई। जबकि साथी बच गया। जानकारी के अनुसार यह बस जोधपुर में लूणी से आए कार्यकर्ताओं की थी, जो कि भाजपा की जनपथ पर आयोजित समारोह में आए थे।