पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • भाजपा के मूलचंद मीणा बनेंगे जयपुर जिला प्रमुख, दोपहर 3 बजे होगा चुनाव

भाजपा के मूलचंद मीणा बनेंगे जयपुर जिला प्रमुख, दोपहर 3 बजे होगा चुनाव

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जयपुर। भाजपा के मूलचंद मीणा शनिवार को जयपुर जिला परिषद के जिला प्रमुख बन गए है। जिला प्रमुख के चुनावों में भाजपा के मूलचंद मीणा ने कांग्रेस से गोपाल मीणा को 5 वोट से हराया है। मतदान में भाजपा के मूलचंद मीणा को 28 और कांग्रेस के गोपाल मीणा को 23 वोट मिले। रिटर्निंग अधिकारी (कलेक्टर) कृष्ण कुणाल ने नवनिर्वाचित जिला प्रमुख को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद मूलचंद मीणा ने जिला प्रमुख का कार्यभार ग्रहण कर लिया।
नवनिर्वाचित जिला प्रमुख मूलचंद मीणा ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी व जनता ने जो विश्वास उन पर किया है, उसे पूरा करने का प्रयास करेंगे। पंचायती राज विभाग में अधिकारी का अनुभव का भी जिला प्रमुख के तौर पर इस्तेमाल करेंगे। जिला परिषद के वार्ड नं. 51 (कोटपूतली) से जीत कर आए मूलचंद मीणा पंचायती राज विभाग से रिटायर्ड अधिकारी है। इनका बेटा भी आयकर अधिकारी है। मीणा जयपुर ग्रामीण से सांसद व केंद्रीय राज्य मंत्री राजवर्धनसिंह के नजदीकी है।
जयपुर जिला परिषद में भाजपा को बहुमत मिला है। जिला परिषद के 51 वार्डों में से भाजपा के 27, कांग्रेस के 22 व 2 निर्दलीय जिला पार्षद निर्वाचित हुए है। जिला परिषद का जिला प्रमुख इस बार अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित है। जिला परिषद में एसटी (सामान्य) के लिए तीन वार्ड (19, 41 व 51) आरक्षित थे। वार्ड नं. 51 से भाजपा के मूलचंद मीणा को विजय मिली है।
हालांकि सामान्य वार्ड-24 से पूर्व विधायक कन्हैयालाल मीणा ने भी जीत हासिल की थी। पहले कन्हैयालाल मीणा को जिला प्रमुख बनना तय था, लेकिन 2008 में बगावत कर बस्सी से निर्दलीय के तौर पर चुनाव लड़ना उनके लिए भारी पड़ गया।
फोटो : श्याम राज शर्मा