पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

८८८

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जोधपुर। प्रदेश में भाजपा की सरकार है। ऐसे में कोई भाजपा के विधायक की कार का चालान काट दे तो सहसा विश्वास नहीं होता कि ऐसा भी हो सकता है, लेकिन शनिवार को जोधपुर में यातायात पुलिस के एक मोबाइल मजिस्ट्रेट ने सूरसागर क्षेत्र की विधायक श्रीमती सूर्यकांता व्यास व उनके एक समर्थक का चालान काट दिया। चालान से बचने को विधायक ने भरसक जतन किया, अपना परिचय दिया व रौब भी जमाया, लेकिन मजिस्ट्रेट अपने फैसले से टस से मस नहीं हुए। आखिरकार विधायक की कार के चालक का लाइसेंस व कतार की आरसी जप्त कर चालान काट ही दिया गया।

सूरसागर क्षेत्र की विधायक श्रमीती सूर्यकांता व्यास शनिवार दोपहर अपनी कार में रातानाडा क्षेत्र से होकर निकल रही थी। इस दौरान मोबाइल मजिस्ट्रेट धीरज शर्मा क्षेत्र में वाहनों की जाच कर रहे थे। उन्होंने विधायक की कार को भी रूकवा दिया। इसकी जांच की तो कांच पर काली फिल्म चढ़ी हुई थी। वहीं गाड़ी के नम्बर भी निर्धारित मानक के अनुरूप नहीं होकर फैंसी डिजाइन से लिखे हुए थे। इस पर शर्मा ने कार जप्त करने का आदेश सुना दिया तो विधायक ने विरोध किया। इस बीच क्रेन भी मौके पर पहुंच गई।
विधायक की गाड़ी को जप्त करते इससे पूर्व उनके समर्थक भी वहां पहुंच गए। वे हंगामा करते जब तक निकट ही स्थित जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के हॉस्टल में रहने वाले छात्र भी पहुंच गए। उन्होंने भी विधायक की कार का चालान काटने का समर्थन किया। विधायक के समर्थन में पहुंचे एक अन्य पार्टी कार्यकर्ता की कार के शीशों पर फिल्म चढ़ी हुई थी। इसका भी हाथोहाथ चालान काट दिया गया।
जानकारी मिलने पर सांसद गजेन्द्र सिंह शेखावत भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार जप्त करने का विरोध किया। इसके बाद कार तो जप्त नहीं की गई अलबत्ता चालान अवश्य काट दिया गया। विधायक ने इस सन्दर्भ में पूछे जाने पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।