जयपुर। राजधानी जयपुर के प्रमुख चौराहों पर लगे '...हम आ रहे हैं' वाले होर्डिंग जयपुराइट्स के बीच कौतुहल का विषय बने हुए हैं। कौन आ रहे हैं, बस यही चर्चा लोगों के बीच सुर्खियों में है। दरअसल, यह होर्डिंग्स राजस्थान पुलिस अकादमी की ओर से लगाए गए है। अकादमी की ओर से 13 से 20 फरवरी तक 33वीं अखिल भारतीय पुलिस घुड़सवारी प्रतियोगिता आयोजन किया जा रहा है और यह हाेर्डिंग्स इसी प्रतियोगिता के प्रचार-प्रसार का हिस्सा हैं।
उल्लेखनीय है कि इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों एवं केन्द्रीय पुलिस संगठनों के लगभग 300 से अधिक घोड़े एवं लगभग 1000 प्रतिभागियों एवं अधिकारियों के भाग लेने जा रहे हैं।
8 दिन तक चलेगी प्रतियोगिता, राज्यपाल करेंगे उद्घाटन:
13 फरवरी को सायंकाल माननीय राज्यपाल राजस्थान, कल्याण सिंह जी इस प्रतियोगिता का उद्घाटन करेंगे। आठ दिन तक जयपुरवासियों को विभिन्न घोड़ो तथा घुड़सवारों का अति सुन्दर एवं रोमांचक प्रदर्शन देखने का अवसर प्राप्त होगा। इस प्रतियोगिता में होने वाले विविध आयोजनों में शो जंपिंग, क्वाड्राइल कॉम्पटीशन, फै-रियर कॉम्पटीशन एवं टैंट पैंगिंग, क्राॅस कंट्री, ड्रेसाज आदि होंगे। इस प्रतियोगिता में सर्वाधिक रोमांचक आयोजन क्राॅस कंट्री का होगा जिसका आयोजन 19 फरवरी को अकादमी के क्राॅस कंट्री एरिया में किया जायेगा।
20 फरवरी को होगा समापन समारोह, सीएम करेंगी शिरकत:
इस प्रतियोगिता की सूचना से घुड़सवारी में अभिरूचि रखने वाले लोगों में प्रसन्नता की लहर दौड़ गई है। प्रतियोगिता के आयोजन की तैयारियां जोरशोर से राजस्थान पुलिस अकादमी में चल रही हैं। इस आयोजन के सफलता पूर्वक संचालन के लिए राजस्थान पुलिस के उच्च अधिकारियों के नेतृत्व में विभिन्न समितियां गठित की गई हैं। जो पूरे कार्यक्रम की छोटी से छोटी व्यवस्था को सफल बनाने में लगे है। इस प्रतियोगिता का समापन समारोह दिनांक 20 फरवरी को शाम 4 बजे होगा जिसमें मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी शिरकत करेंगी।
देश की प्रमुख टीमें लेंगी हिस्सा, रोमांचक होगा मुकाबला:
आसाम राइफल्स, बीएसएफ, राष्ट्रीय पुलिस अकादमी
हैदराबाद, गुजरात पुलिस, उत्तर प्रदेश पुलिस, कर्नाटक पुलिस एवं बिहार पुलिस की टीमों ने पूर्ववर्ती राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बहुत रोमांचक प्रदर्शन किया था। ये सभी टीमें इस बार भी पूर्ण तैयारी के साथ 7 फरवरी तक ही जयपुर पहुंच रही हैं। राजस्थान पुलिस की टीम को पुलिस अकादमी में विश्व स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैप्टन भागीरथ, राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में अति सराहनीय सेवायें देने वाले प्रशिक्षक मोहम्मद अकबर एवं सेवा निवृत्त ब्रिगेडियर जीएस राठोैड़ अपने कुशल नेतृत्व में तैयार कर रहे हैं। जिससे मेजबान टीम भी अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का तैयार है। राजस्थान पुलिस अकादमी के निदेशक बीएल
सोनी के नेतृत्व में समस्त व्यवस्थाएं एवं तैयारियां करीब-करीब पूर्णता ले रही हैं।