जोधपुर। जोधपुर से चेन्नई के लिए एक और ट्रेन शुरू होने जा रही है। गत रेल बजट में घोषित मन्नारगुडी-भगत की कोठी ट्रेन सोमवार शाम को मन्नारगुडी से उदघाटन फेरे पर रवाना होगी। इस ट्रेन को दिल्ली में रेलमंत्री रिमोट से झंडी दिखाएंगे। यह ट्रेन 16 फरवरी से नियमित चला करेगी।
मन्नारगुडी और भगत की कोठी के बीच ट्रेन शुरू होने से पश्चिमी राजस्थान के लोगों को अब सप्ताह में दो दिन ट्रेन मिल सकेगी। वर्तमान में प्रत्येक सोमवार रात जोधपुर से चेन्नई के लिए ट्रेन चल रही है। ट्रेन संख्या 16863 नियमित फेरे पर 12 फरवरी को भगत की कोठी से प्रत्येक गुरुवार दोपहर तीन बजे रवाना होकर शनिवार शाम छह बजे मन्नारगुडी पहुंचा करेगी।
मन्नारगुडी से ट्रेन संख्या 16864 प्रत्येक सोमवार सुबह 11:30 बजे चलकर बुधवार शाम छह बजे भगत की कोठी आएगी। इस ट्रेन में स्लीपर, थर्ड व सैकंड एसी और जनरल कोच होंगे। इस ट्रेन को जोधपुर, मेड़तारोड, जयपुर, कोटा, भोपाल, नागपुर, विजयवाड़ा व चेन्नई के रास्ते चलाया जाएगा।