- Hindi News
- जिला प्रमुख नहीं बनाने पर पूर्व विधायक कन्हैयालाल मीणा के समर्थकों ने किया हंगामा
जिला प्रमुख नहीं बनाने पर पूर्व विधायक कन्हैयालाल मीणा के समर्थकों ने किया हंगामा
भास्कर न्यूज. जयपुर
जिला प्रमुख नहीं बनाने पर पूर्व विधायक (बस्सी) कन्हैयालाल मीणा के समर्थकों ने जिला परिषद के सामने हंगामा किया। पूर्व विधायक समर्थकों व पुलिस के बीच झड़प भी हुई। बाद में पुलिस ने लाठीचार्ज कर समर्थकों को खदेड़ दिया। पूर्व विधायकों के विरोध को देखते हुए जिला प्रशासन ने जिला परिषद व कलेक्ट्रेट के आसपास अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात कर दिया। इसके साथ ही पांच घंटे तक आम लोगों व वाहनों के वहां से गुजरने पर भी पाबंदी लगा दी। बाद में कन्हैयालाल लाल मीणा के समर्थक आम लोगों के बीच जाकर नारेबाजी करते रहे। गौरतलब है कि पूर्व विधायक (बस्सी) कन्हैयालाल मीणा को लंबा राजनैतिक अनुभव रहा है तथा वे भैरूसिंह शेखावत सरकार में मंत्री रह चुके है। हालांकि निर्दलीय के रूप में विधानसभा चुनाव लड़ने व पिछला विधानसभा चुनाव हारने के कारण उनकी छवि पर नकारात्मक असर पड़ा था।
बाद में पूर्व विधायक कन्हैयालाल मीणा ने संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि समर्थक भी पार्टी कार्यकर्ता ही होते है तथा हर नेता के समर्थक उसे बड़ी जिम्मेदारी देना चाहते है। जिला प्रमुख बनाने का पार्टी के फैसले का वे समर्थन करते है। इसके साथ ही समर्थकों से भी संयम रखने की गुजारिश करते है।
फोटो : श्याम राज शर्मा