जयपुर। जलदाय विभाग में करोड़ों रुपए का घोटाला सामने आया है। विभाग की ओर से बनाए ट्यूबवेल में घटिया सबमर्सिबल पंपसेट व केबल सप्लाई करने के बावजूद आला अफसर ठेकेदारों से मिलीभगत कर उन्हें ही टेंडर देने की तैयारी कर रहे है।
जलदाय विभाग में पेयजल सप्लाई के लिए कान्ट्रेक्ट पर ट्यूबवेल बनाए जाते है। इन ट्यूबवेल में सबमर्सिबल पंपसेट, केबल, स्टार्टर सहित अन्य मशीनरी भी ठेकेदार ही लगाते है। ठेकेदारों ने ज्यादा बचत करने के लिए विभाग के इंजीनियरों से मिलीभगत कर घटिया क्वालिटी के सबमर्सिबल पंप व केबल लगा दिए। इससे करोड़ों की लागत से बनाए ट्यूबवेल समय से पहले ही खराब हो गए। लोगों को पेयजल के लिए परेशानी झेलनी पड़ रही है।
जांच में खुलासा होने के बावजूद इन ठेकेदारों को दुबारा टेंडर देने की तैयारी की जा रही है। जलदाय मंत्री किरण माहेश्वरी के निर्देशों के बावजूद इंजीनियरों की मिलीभगत से विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे है।