पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

६६६

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अब कल हो सकती है फैसले की तिथि की घोषणा जोधपुर। आर्म्स एक्ट में फिल्म अभिनेता सलमान खान के खिलाफ चल रहे मामले की सोमवार को सीजेएम कोर्ट में अन्तिम बहस पूरी हो गई। सलमान के वकीलों ने अपने पक्ष में लिखित में तथ्य देने को एक दिन का समय मांगा। जिसे न्यायालय ने स्वीकार कर लिया। अब वे कल तक लिखित में न्याय निर्णय पेश करेंगे। ऐसे में कल ही इस मामले के फैसले की तिथि घोषित होने की संभावना है। सीजेएम(जोधपुर जिला) कोर्ट में शनिवार को भी इस मामले की सुनवाई हुई थी। सलमान के वकीलों ने पूरे दिन अपनी तरफ से तथ्य पेश किया। इस पर न्यायाधीश अनुपमा बिजलानी ने उन्हें सोमवार तक अपनी बहस हर हालत में पूरी करने को कहा था। आज बहस शुरू होते ही सलमान के वकील ने इस तरह के मामलों में विभिन्न न्यायालयों की ओर से पूर्व में दिए गए फैसलों को लिखित में न्यायालय के समक्ष पेश करने को एक दिन का समय मांगा। इस पर न्यायाधीश ने उन्हें एक दिन का समय प्रदान कर दिया। अब वे कल अपनी तरफ से लिखित में विभिन्न फैसले पेश करेंगे। इस मामले में सारी बहस पूरी हो चुकी है। इसके बाद न्यायाधीश इस मामले के फैसले की तिथि घोषित करेंगे। अमूमन इस तरह के फैसले घोषित करने में अमूमन पन्द्रह दिन लग जाते है। ऐसे में माना जा रहा है कि आर्म्स एक्ट में अगले पन्द्रह दिन में यह तय हो जाएगा कि सलमान खान बरी होते है या फिर उन्हें सजा सुनाई जाती है। यह है मामला सलमान खान के पास अमेरिका निर्मित .32 बोर की रिवॉल्वर व .22 बोर की एक राइफल सलमान खान की गिरफ्तारी के समय जोधपुर में बरामद हुई थी। इन दोनों हथियारों की लाइसेंस अवधि 22 सितम्बर 1998 में समाप्त हो चुकी थी। इस बीच 27 सितम्बर से 2 अक्टूबर 1998 के बीच जोधपुर में शिकार प्रकरण हो गया। इस कारण सलमान के खिलाफ हरिण शिकार के साथ ही आर्म्स एक्ट में भी मामला दर्ज किया गया। सलमान के खिलाफ कुल चार मामले वर्ष 1998 में सलमान खान जोधपुर में अपनी फिल्म हम साथ-साथ है की शूटिंग कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने अपने अन्य साथी कलाकारों के साथ जोधपुर के निकट के गांवों में हरिणों का शिकार किया था। तीन अलग-अलग स्थानों घोड़ा फार्म हाउस, भवाद व कांकाणी क्षेत्र में हरिणों के शिकार किए गए थे। इन शिकारों का मामला सामने आने पर सलमान खान व अन्य फिल्म स्टार को वन विभाग ने हिरासत में ले लिया था। इसके बाद उम्मेदभवन में ठहरे सलमान के कमरे की तलाशी के दौरान एक राइफ्ल व रिवॉल्वर बरामद हुई थी। बाद में जांच में खुलासा हुआ कि एक ही लाइसेंस पर खरीदे इन दोनों हथियारों की लाइसेंस अवधि पूरी हो चुकी है। इस कारण सलमान के खिलाफ आर्म्स एक्ट का मामला भी दर्ज किया गया। दो मामलों में हो चुकी है सजा सलमान खान को इन चार मामलों में से दो मामलों में सजा सुनाई जा चुकी है। सलमान खान को भवाद शिकार प्रकरण में एक साल की सजा सुनाई गई। वहीं घोड़ा फार्म हाउस प्रकरण में पांच साल की सजा सुनाई गई। इस मामले में सलमान को जोधपुर जेल मेंम छह दिन रहना पड़ा। बाद में उन्हें राजस्थान उच्च न्यायालय से जमानत मिल गई। वहीं कांकाणी शिकार प्रकरण फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है। जबकि आर्म्स एक्ट मामले की सुनवाई अन्तिम चरण में पहुंच चुकी है।