जयपुर। देश के जाने-माने पर्यटन स्थलों में शुमार जयपुर में एक के बाद एक शर्मसार करने वाले मामले देखे जा रहे हैं। एक ओर जहां कोलंबिया की एक युवती ने रविवार को अश्लील फोन कॉल्स को लेकर जवाहर नगर थाने में केस दर्ज कराया है वहीं रविवार की रात ही एक जापानी महिला पर्यटक से दुष्कर्म का मामला सामने आया है।
युवती ने एक युवक के खिलाफ दूदू थाने में तड़के सुबह एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस के मुताबिक वह युवती जयपुर घूमने आई थी। रविवार को आरोपी उससे जलमहल पर मिला। आरोपी ने गाइड बनकर 20 वर्षीय इस युवती से दोस्ती कर ली। पीड़िता ने एफआईआर में यह बताया है कि वह ठीक से अंग्रेजी नहीं बोल पाती है। आरोपी युवक अच्छी अंग्रेजी बोल रहा था। युवती को लगा कि इससे मदद हो जाएगी। इसलिए वह आरोपी के बातों में आ गई। युवक उसे घुमाने का झांसा देकर बाइक पर बैठाकर गलता गेट ले गया।
युवती जालुपुरा स्थित स्टिफन गेस्ट हाउस के रूम नंबर 116 में ठहरी हुई है। इसलिए वह युवक उसे जालुपुरा के बहाने दूदू के मौजमाबाद गांव के सुनसान स्थान पर ले गया। वहां उसने युवती को नशीला पदार्थ पिलाया और दुष्कर्म किया।
होश आया तो चारों ओर अंधेरा देखा
युवती को जब होश आया तब रात के करीब 12 बज रहे थे। उसे रोता हुआ देख वहां से गुजर रहे एक किसान ने पास रहने वाले वकील के घर पुहंचाया। वकील ने दूदू थाने में फोन कर मामले की सूचना दी। रात करीब एक बजे पुलिस वकील के घर आई और जापानी युवती को थाने ले गई।
पुलिस के मुताबिक आरोपी युवती का आईफोन और पर्स में रखे करीब चार हजार रुपए भी ले गया। ऐसे में पुलिस युवती के नंबर को ट्रैस करके युवक की खोज कर रही है। पुलिस ने युवक की खोजबीन के दौरान अभी तक करीब 300 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज तलाश कर चुकी है। दूदू के सीओ राजेंद्र सिहं शेखावत ने बताया कि दूदू में ही पीड़िता का मेडिकल करा लिया गया है। फिलहाल उसे मौका-मुआयना के लिए मौजमाबाद लेकर गए हैं।