जयपुर। अब जयपुर चिड़ियाघर प्रशासन स्कूली स्टूडेंट्स को वाइल्ड लाइफ जीवन की जानकारी देंगे और चिड़ियाघर विजिट के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में बताएंगे। ऐसा पिछले दिनों दिल्ली जू में हुए हादसे के बाद सबक लेते हुए किया जा रहा है। इस विशेष वर्कशॉप के लिए प्रशासन ने तैयारी कर ली है।
प्रमुख स्कूलों को भेजी चिट्ठी:
प्रशासन ने शहर के प्रमुख स्कूलों (सरकारी-प्राइवेट) को उनके स्टूडेंट्स को पढ़ाने के लिए चिट्ठी लिखी है। चिट्ठी में स्कूलों को बताया गया है कि स्टूडेंट्स लाइफ से ही वाइल्ड लाइफ के बारे में जानना जरूरी है। इसके लिए जू के एक्सपर्ट स्टूडेंट्स को जागरूक करेंगे और वर्कशॉप का आयोजन किया जाएगा।
जयपुर जू डीएफओ आकांक्षा चौधरी ने बताया कि स्कूलों की ओर से वर्कशॉप करने की इजाजत मिलना बाकी है। पिछले दिनों परीक्षाएं भी चल रही थीं, जिसके कारण स्कूलों से इजाजत नहीं मिली थी। जल्द ही योजना शुरू होगी और वाइल्ड लाइफ एक्सपर्ट स्कूलों की विजिट करके स्टूडेंट्स को जू विजिट के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में बताएंगे। साथ ही वाइल्ड लाइफ सुरक्षित रहने से होने वाले फायदों को भी स्टूडेंट्स को बताया जाएगा।