पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • सड़क हादसे में बाइक सवार पिता व दो बेटों की मौत अजमेर रोड पर भांकरोटा में हुआ हादसा, देर रात बेटी क

सड़क हादसे में बाइक सवार पिता व दो बेटों की मौत अजमेर रोड पर भांकरोटा में हुआ हादसा, देर रात बेटी के ससुराल में शादी समारोह से लौट रहे थे

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जयपुर। अजमेर रोड पर भांकरोटा में रविवार देर रात को सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति व उनके दोनों बेटों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि किसी भारी वाहन ने बाइक को टक्कर मारी और पिता पुत्रों को कुचलता हुआ निकल गया। भांकरोटा थाना पुलिस ने सोमवार को शवों का एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम करवाया। इसके बाद उनका अंतिम संस्कार किया गया।

पुलिस के मुताबिक हादसे में गणेश नगर, भांकरोटा निवासी जयराम बलाई (47) उनके बेटे बाबू उर्फ गणपत (17) व राहुल (12) की मौत हो गई। चिनाई का काम करने वाले जयराम का बेटा बाबू नौवीं कक्षा तथा राहुल छठी कक्षा का छात्र था। जयराम की दो बेटियां है। जिनका करीब ढाई साल पहले भांकरोटा के झांई गांव में विवाह हुआ था।

रविवार को बेटियों के ससुराल में रिश्तेदार की शादी थी। बारात में शामिल होने जयराम अपने दोनों बेटों के साथ झांई गांव गए थे। देर रात वे वापस भवानीपुरा से झांई गांव लौटे। इसके बाद जयराम व उनके बेटे बाइक पर घर लौट रहे थे।
एक अन्य बाइक पर जयराम के भाई राजेश व सांवरमल चल रहे थे। अजमेर रोड पर रास्ते में वे कुछ आगे निकल गए। तभी पीछे से आ रहे एक वाहन चालक ने राजेश व सांवरमल को सड़क हादसे की सूचना दी। पीछे जयराम को आते नहीं देखकर वे दोनों लौटकर गए। तब रोड पर जयराम व उनके दोनों बेटे लहूलुहान हालत में सड़क पर पड़े थे। यह देखकर राजेश व सांवरमल ने पिता पुत्र को बमुश्किल एसएमएस अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने जयराम व उनके दोनों बेटों को मृत घोषित कर दिया।

मोर्चरी पर मौजूद परिजनों ने जयराम के बड़े बेटे महेंद्र व पत्नी बादाम को सोमवार सुबह तक हादसे में मौत की जानकारी नहीं दी गई थी। लेकिन उनके शव घर पहुंचे तो वहां कोहराम मच गया। पुलिस बाइक को टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश कर रही है। उसका पता नहीं चला है।