जयपुर। जयपुर चिडिय़ाघर देखने जाने वाले स्थानीय निवासी और पर्यटकों के लिए खुशखबरी है। अब उन्हें एक ही स्थान (जयपुर जू) पर अन्य जानवरों के साथ जूनागढ़ के एशियाटिक शेरों की चहल-कदमी भी देखने को मिलेगी। इसके लिए जयपुर जू ने पहल करते हुए प्रस्ताव बनाकर गुजरात के जूनागढ़ प्रशासन को भेजा है। प्रस्ताव में एक नर और एक मादा शेर की मांग की है। शेर एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत जयपुर जू आएंगे।
यहां से जाएगा वुल्फ का जोड़ा:
जू प्रशासन के अनुसार जूनागढ़ को दो बार प्रस्ताव भेजा जा चुका है। पिछली चिट्ठी 13 जनवरी को भेजी गई थी, जिसका पॉजिटिव रेस्पॉन्स मिला है। वहां एक्सचेंज का काम भी सीएम लेवल पर फाइनल होता है जिसके कारण सहमति आने में कुछ समय लग रहा है। जल्दी औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएंगी। एक्सचेंज प्रोग्राम में शेरों के बदले जयपुर जू एक वुल्फ का जोड़ा देगा। बताया जाता है, वहां वुल्फ की कमी है।
जयपुर जू, डीएफओ आकांक्षा चौधरी ने बताया कि जूनागढ़ से एशियाटिक शेरों को लाने की योजना बनाई गई है। इसके लिए प्रस्ताव बनाकर जूनागढ़ भेज दिया है, जिसका पॉजिटिव रेस्पॉन्स मिल रहा है। बदले में हम वुल्फ का जोड़ा देंगे।