पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

000

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
फलोदी के सट्‌टा बाजार के अनुसार ‘आप’ बनाएगी दिल्ली में सरकार
बहुमत मिलने को लेकर महज पचास पैसे के भाव
जोधपुर। देश की राजधानी दिल्ली में किसकी सरकार बनेगी इसका खुलासा तो मंगलवार को होने वाली मतगणना से स्पष्ट हो पाएगा, लेकिन सट्‌टा बाजार ने वहां पर किसकी सरकार बनेगी इसका फैसला कर लिया है। देशभर में प्रसिद्ध जोधपुर जिले के फलोदी का सट्‌टा बाजार यह मानकर चल रहा है कि दिल्ली में इस बार ‘आप’ की सरकार बनेगी। भाजपा की गाड़ी बहुमत से थोड़ा पहले अटक जाएगी।
फलोदी का सट्‌टा बाजार पूरे देश में बहुत विश्वनीय माना जाता है। विभिन्न स्थान से लोग यहां पर सट्‌टा लगाते है। इस बार दिल्ली में किसकी सरकार बनेगी इसको लेकर फलोदी के सट्‌टा बाजार में जोरदार उत्साह का माहौल है। दिल्ली में सरकार बनने पर करोड़ों रुपए दांव पर लगे है। ऐसे में देखने वाली बात होगी कि यहां का सट्‌टा बाजार अपने रूख पर खरा उतर पाता है या नहीं। सट्‌टा बाजार से जुड़े सूत्रों का कहना है कि दिल्ली में ‘आप’ को आसानी से बहुमत मिल जाएगा। इसके लिए महज पचास पैसे के भाव चल रहे है। यानि यह तय माना जा रहा है कि ‘आप’ दिल्ली में सरकार बनाने जा रही है। वहीं ‘आप’ को 41 सीट मिलने को लेकर बराबरी के भाव चल रहे है। दूसरी तरफ भाजपा को महज 29 से 31 सीट मिलने का अनुमान जताया जा रहा है। भाजपा को कम से कम 29 सीट मिलने पर बराबरी का भाव चल रहा है। जबकि कांग्रेस को मिलने वाली सीटों पर सौदे हो ही नहीं रहे है। ऐसा माना जा रहा है कि कांग्रेस एक से चार सीट तक सिमट सकती है।
जोधपुर के सट्‌टा बाजार में भी कमोबेश ये ही भाव चल रहे है। यहां के बाजार सूत्रों का कहना है कि इस बार दिल्ली में आप सरकार बनाने जा रही है। इसमें किसी प्रकार का शक नहीं है। यहां पर आप की सरकार बनने पर महज पचास पैसे के भाव दिए जा रहे है। इससे साफ जाहिर है कि भाजपा को दिल्ली में हार का सामना करना पड़ सकता है। चुनाव से पूर्व आप व भाजपा पर यहां पर बराबरी के भाव चल रहे थे, लेकिन चुनाव के बाद नजारा बदल गया। और भाजपा को बहुमत से दूर रहते बताया जा रहा है।