जयपुर। मुरलीपुरा इलाके में माताजी मंदिर के पास आपसी रंजिश में 29 जनवरी को परिचित युवक के टवेरा की टक्कर मारकर जान लेने वाले आरोपी को मुरलीपुरा थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसे सोमवार को कोर्ट में पेशकर दो दिन के रिमांड पर लिया है। घायल युवक की तीन फरवरी को एसएमएस अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हुई थी। तब उसके साथी ने हत्या का केस दर्ज करवाया था।
थानाप्रभारी ओमप्रकाश किलानियां के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी सुरेंद्र सिंह (28) लक्ष्मणगढ़ सीकर का रहने वाला है। पिछले काफी अरसे से वह मुरलीपुरा में रह रहा है और टैक्सी कार चलाता है।
जानकारी के अनुसार सुरेंद्र सिंह का मुरलीपुरा निवासी मंजीत सिंह (25) से किसी बात पर विवाद चल रहा था। 29 जनवरी को मंजीत सिंह व उसका साथी रघुवीर सिंह स्कूटी से कहीं जा रहे थे। तभी सुरेंद्र सिंह टवेरा दौड़ाता हुआ लाया और माताजी के मंदिर के पास स्कूटी को टक्कर मारकर भाग निकला।
टवेरा की चपेट में आने से मंजीत सिंह गंभीर घायल हो गया था। इसके बाद उसे एसएमएस अस्पताल में भर्ती करवाया था। तब से फरार सुरेंद्र सिंह को पुलिस तलाश कर रही थी। जिसे पुलिस ने रविवार को लक्ष्मणगढ़ से गिरफ्तार कर लिया।