जोधपुर। आर्म्स एक्ट में फिल्म अभिनेता
सलमान खान के खिलाफ चल रहे मामले की अगली सुनवाई अब 25 फरवरी को होगी। इस दिन न्यायालय यह फैसला सुनाएगा कि
सलमान खान इस मामले में दोषी है या नहीं। इस मामले में अन्तिम बहस आज पूरी हो गई। सलमान के वकीलों ने लिखित में इस तरह के मामलों में पुराने फैसले न्यायालय को सौंपे। इनके अध्ययन के बाद पच्चीस फरवरी को न्यायालय अपना फैसला सुनाएगा।
सीजेएम(जोधपुर देहात) कोर्ट में तीन दिन से इस मामले पर सुनवाई चल रही है। इस मामले में सोंमवार को अन्तिम बहस पूरी हो गई थी। इसके बाद बचाव पक्ष के वकीलों ने इस मामले में कुछ लिखित साक्ष्य पेश करने की अनुमति मांगी। इस पर न्यायाधीश अनुपमा बिजलानी ने उन्हें आज लिखित में अपने फैसले पेश करने को कहा था। आज सुबह सलमान के वकीलों ने इस तरह के मामलों में पूर्व में देश के विभिन्न न्यायालयों की ओर से दिए गए फैसलों को नजीर के रूप में पेश किया। अब न्यायालय इन फैसलों का अध्ययन करेगा। इसके बाद यह फैसला करेगा कि इस मामले में
सलमान खान दोषी है या नहीं। इसका निर्णय पच्चीस फरवरी को सुनाया जाएगा। यदि न्यायालय सलमान को दोषी करार देता है तो उस दिन उनकी सजा अवधि पर बहस होगी। उसके बाद अगली सुनवाई में सजा के सन्दर्भ में न्यायालय अपना फैसला सुनाएगा।
यह है मामला
सलमान खान के पास अमेरिका निर्मित .32 बोर की रिवॉल्वर व .22 बोर की एक राइफल सलमान खान की गिरफ्तारी के समय जोधपुर में बरामद हुई थी। इन दोनों हथियारों की लाइसेंस अवधि 22 सितम्बर 1998 में समाप्त हो चुकी थी। इस बीच 27 सितम्बर से 2 अक्टूबर 1998 के बीच जोधपुर में शिकार प्रकरण हो गया। इस कारण सलमान के खिलाफ हरिण शिकार के साथ ही आर्म्स एक्ट में भी मामला दर्ज किया गया।
सलमान के खिलाफ कुल चार मामले
वर्ष 1998 में सलमान खान जोधपुर में अपनी फिल्म हम साथ-साथ है की शूटिंग कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने अपने अन्य साथी कलाकारों के साथ जोधपुर के निकट के गांवों में हरिणों का शिकार किया था। तीन अलग-अलग स्थानों घोड़ा फार्म हाउस, भवाद व कांकाणी क्षेत्र में हरिणों के शिकार किए गए थे। इन शिकारों का मामला सामने आने पर सलमान खान व अन्य फिल्म स्टार को वन विभाग ने हिरासत में ले लिया था। इसके बाद उम्मेदभवन में ठहरे सलमान के कमरे की तलाशी के दौरान एक राइफ्ल व रिवॉल्वर बरामद हुई थी। बाद में जांच में खुलासा हुआ कि एक ही लाइसेंस पर खरीदे इन दोनों हथियारों की लाइसेंस अवधि पूरी हो चुकी है। इस कारण सलमान के खिलाफ आर्म्स एक्ट का मामला भी दर्ज किया गया।