जयपुर। आरपीएससी की कॉलेज व्याख्याता भर्ती में लागू गुड एकेडमिक रिकॉर्ड के नियम का अभ्यर्थी लगातार विरोध कर रहे हैं। इसके बावजूद उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारी इस पर कोई निर्णय नहीं ले पा रहे हैं। गुड एकेडमिक रिकॉर्ड इस भर्ती में पहली बार जोड़ा गया है।
जयपुर निवासी अभ्यर्थी वीरेंद्र कुमार का कहना है कि आयोग की पहले हुई भर्ती में वे साक्षात्कार तक पहुंच गए थे। लेकिन इस बार आयोग ने गुड एकेडमिक रिकॉर्ड की जो परिभाषा जारी है कि उसके आधार पर तो वे भर्ती के लिए फॉर्म तक नहीं भर पा रहे हैं, जबकि अंतिम तिथि 27 फरवरी है। उनके पास नेट व सेट की पात्रता भी है।
परिभाषा में दसवीं, बारहवीं और स्नातक में औसत 55 फीसदी अंक जरुरी बताए गए हैं। एक अन्य अभ्यर्थी अरविंद का कहना है कि या तो उन्हें यह शर्त नेट, सेट की पात्रता के पहले बताई जाती। अब उनके पास नेट या सेट की पात्रता है तो उन्हें कॉलेज भर्ती से अयोग्य नहीं ठहराया जा सकता।
उन्होंने इस शर्त को हटाने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने उच्च शिक्षा मंत्री और प्रमुख सचिव को ज्ञापन दिया है। लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिल पाया है।