जयपुर। प्रदेश के 7 हजार स्कूलों में 11 से 13 फरवरी तक संबलन अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान 3500 अधिकारी स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर का आकलन करेंगे। अभियान के बाद अधिकारी इस दौरान स्कूलों का फीडबैक देंगे।
सर्व शिक्षा अभियान से प्राप्त जानकारी के अनुसार अभियान के दौरान राज्य, जिला, ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, पंचायतीराज विभाग व संबंधित जिला कलेक्ट्रेट के अधिकारी दो स्कूलों का सघन निरीक्षण करेंगे।
अधिकारी पूरे दिन स्कूल में रहकर यहां की गतिविधियों और बच्चों के स्तर की जांच करेंगे। इस दौरान स्कूल के कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों की हिंदी, अंग्रेजी और गणित विषय में योग्यता को परखा जाएगा।
अवलोकन के बाद वे निर्धारित प्रपत्र में स्कूल के अवलोकन की रिपोर्ट भरेंगे। इसे सर्व शिक्षा अभियान के वेबपोर्टल पर अपलोड करनी होगी। इस रिपोर्ट व प्राप्त आंकड़ों का राज्यस्तर पर विश्लेषण किया जाएगा।