पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • जापानी युवती से दुष्कर्म का आरोपी शहर से भागा, सात साथियों को पकड़ा लपकागिरी करता था आरोपी, जलमहल

जापानी युवती से दुष्कर्म का आरोपी शहर से भागा, सात साथियों को पकड़ा लपकागिरी करता था आरोपी, जलमहल से दो रिश्तेदारों के घर ले गया, फिर मौजमाबाद में दुष्कर्म

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जयपुर। जयपुर घूमने आई जापानी युवती को बातों में फंसाने के बाद रविवार देर रात मौजमाबाद, दूदू ले जाकर दुष्कर्म करने वाले मुख्य आरोपी की जयपुर ग्रामीण पुलिस ने पहचान कर ली है। पुलिस ने उसका सहयोग करने वाले सात साथियों को हिरासत में ले लिया। वारदात में प्रयुक्त बाइक भी जब्त कर ली है।
जानकारी के अनुसार वारदात में लिप्त साथियों ने मुख्य आरोपी को शहर से बाहर भगाने में मदद की और दुष्कर्म की वारदात के साक्ष्यों को मिटाने की कोशिश की। उसकी तलाश में पुलिस टीमें शहर से बाहर भेजी गई है।
आईजी रेंज डीसी जैन ने बुधवार को एक प्रेसवार्ता में बताया कि मुख्य आरोपी अजीत सिंह चौधरी (24) गांव तुंबीपुरा, मौजमाबाद का रहने वाला है। वह जयपुर में रहकर अनधिकृत रुप से गाइडिंग (लपकागिरी) करता है। वह पांडिचेरी में फ्रेंच भाषा सीखने का दो वर्षीय कोर्स कर रहा है।

विश्वास में लेने के लिए बोली फर्राटेदार अंग्रेजी:
जैन के मुताबिक पीडि़ता ने बताया कि वह आठ जनवरी को ऑटोरिक्शा से जलमहल घूमने पहुंची। वह अकेली थी। वहां जापानी युवती से मिले अजीत सिंह ने खुद को गाइड बताकर बातचीत शुरू की। फिर उसकी फोटोग्राफी करने लगा। अजीत सिंह को फर्राटेदार अंग्रेजी भाषा में बोलते देखकर युवती प्रभावित हो गई। वहीं दुष्कर्म का षडयंत्र रचकर अजीत सिंह ने उसे गलताजी घुमाने का प्रस्ताव रखा। उसने युवती की सहमति मिलने पर अपने ममेरे भाई शिवराज सिंह व चचेरे भाई धर्मवीर सिंह से संपर्क किया।

रिश्तेदार भाइयों के परिजनों से मिलाकर विश्वास में लिया:
अजीत सिंह युवती को बाइक पर पहले शिवराज सिंह के घर ले गया। वहां उसे चाय नाश्ता करवाया। शिवराज की पत्नी को उसने बहन बताया। युवती को लगा कि अजीत सिंह एक अच्छे परिवार से है। रविवार शाम करीब 6:30 बजे वे दोनों गलताजी चले गए। इसके बाद अजीत सिंह युवती को चचेरे भाई धर्मवीर के घर ले गया। वहीं रात को खाना खिलाया। परिवारजनों से मिलकर पीडि़ता ने अजीत सिंह पर विश्वास कर लिया। इसके बाद अजीत सिंह उसे जालूपुरा में गेस्ट हाउस छोड़ने की बात कहकर रवाना हो गया।

शहर से 50 किलोमीटर दूरी पर दूदू फागी रोड पर दुष्कर्म:
शहर से रवाना होकर वह करीब 50 किलोमीटर दूर अजमेर रोड पर दूदू फागी रोड पर पहुंचा। वहां तक जाने के लिए अजीत सिंह ने हाइवे का उपयोग कम कर गांवों के कच्चे रास्तों का उपयोग किया। दूदू फागी रोड पर सुनसान जगह पर देर रात अजीत सिंह ने बाइक रोकी और युवती पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला। उसके इनकार करने पर मारपीट की और जबरन दुष्कर्म किया। उसके बैग में रखे मोबाइल व नकदी छीन ली।

साथी पहले से तैयार थे:
एसपी ग्रामीण नितिनदीप बल्लगन के मुताबिक अजीत सिंह का इरादा युवती को रातभर एक मकान में रखकर दुष्कर्म करने का था। उसने जयपुर से रवाना होते वक्त मौजमाबाद निवासी अबरार व वाहिद से संपर्क कर लिया था। उन्होंने ही मौजमाबाद के एक मकान में कमरे की व्यवस्था की थी। सड़क किनारे दुष्कर्म के बाद अजीत सिंह ने युवती को धमकाया और बाइक से उसे मौजमाबाद गांव ले गया जहां बाइक सवार साथी पहले से तैयार था।
वाहिद एक कोऑपरेटिव संस्था में कर्मचारी है। कमरे की चाबी उसके पास ही रहती थी। मकान पर पहुंचते ही दोनों आरोपियों ने युवती को कमरे में घुसने के लिए दबाव डाला। तभी एक कार वहां आ गई। कार की लाइट देखकर पीडि़ता बचने के लिए दौड़ीं। लेकिन कार सवार लोगों ने उसकी मदद नहीं की।
उसे लगा कि उसे कार में जबरन बैठाने की कोशिश की गई। तभी कार के पीछे एक और बाइक सवार व्यक्ति आए। वह मदद के लिए बाइक सवार के पास पहुंची। उस व्यक्ति ने माजरा भांपकर हल्ला मचाकर आसपास के लोगों को इकट्ठा कर लिया। तब तक अजीत सिंह और बाइक सवार उसका साथी भाग निकले। कार भी जा चुकी थी।
इसके बाद स्थानीय लोगों ने युवती की मदद कर पुलिस थाने में सूचना दी। तब पुलिस उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे। आरोपियों की पड़ताल शुरु की। पीडि़ता का मेडिकल मुआयना करवाकर केस दर्ज किया। जिसकी जांच दूदू वृत्ताधिकारी को सौंपी है। कार सवार लोग कौन थे। उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।

इन सात साथियों को हिरासत में लिया:
पुलिस ने मौजमाबाद, दूदू निवासी वाहिद नागौरी (22), उसके भाई अबरार नागौरी (24), चौरू, फागी निवासी शिवराज जाट (33), राजवीर सिंह (23), रविंद्र सिंह (20), खुडियाला, दूदू निवासी रामवीर जाट (26) व चंपानगर, गुर्जर की थड़ी निवासी धर्मवीर जाट (21) को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।