पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

0000

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
गश्त के दौरान पूछताछ में युवकों ने शुरू की मारपीट
जोधपुर। ऐसा लगता है सूर्यनगरी के लोगों में पुलिस का खौफ गायब हो चुका है। शहर में लगातार हो रही चोरियों को रोकने के लिए पुलिस ने गश्त बढ़ा दी, लेकिन रात में सड़क पर घूम रहे लोगों से पूछताछ करना पुलिस पर भारी पड़ गया। शहर में मंगलवार देर रात गश्त पर निकले पुलिस दल पर पूछताछ के दौरान कुछ युवकों ने हमला कर दिया। इस हमले में पुलिस वाहन के चालक के चेहरे पर काफी चोट आई है। वहीं अन्य पुलिस वालों के साथ इन युवकों ने मारपीट की। बाद में पुलिस ने दो युवकों को बड़ी मुश्किल से पकड़ लिया। अब उनसे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस की एक टीम मंगलवार रात डाली बाई मन्दिर क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान वहां से देर रात गुजर रहे पांच-छह युवकों के समूह को रोककर पूछताछ की गई। इस दौरान वे युवक आक्रामक हो गए और उन्होंने पुलिस पर हमला बोल दिया। पुलिस वाले कुछ समझ पाते इससे पूर्व युवक टूट पड़े। इस दौरान युवकों को पकड़ने बीच में आए वाहन चालक अमराराम के चेहरे पर जोरदार चोट आ गई। वहीं अन्य पुलिस वालों के साथ मारपीट कर युवक भागने लगे। पुलिस ने काफी दूरी तक उनका पीछा कर दो युवकों को दबोच लिया। बाद में घायल चालक को पुलिस अस्पताल लेकर गई। उसके मुंह पर चार टांके आए है। इन युवकों को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस क्षेत्र में रात को दोहरी हत्या होने के कारण युवकों से आज सुबह पूछताछ नहीं हो पाई। अब शाम तक इनसे पूछताछ कर इनके अन्य साथियों को भी पकड़ लिया जाएगा।