जयपुर। मौजमाबाद में फागी दूदू रोड पर रविवार देर रात को विदेशी पर्यटक से दुष्कर्म कर फरार हुए मुख्य आरोपी अजीत सिंह उर्फ जीतराम चौधरी को तीन दिन बाद भी पकड़ नहीं सकी।
बुधवार को डीजीपी ओमेंद्र भारद्वाज ने अजीत सिंह के बारे में सही सूचना देने वाले या उसे पकड़वाने में सहयोग करने पर एक लाख रुपए का ईनाम देने की घोषणा की। जानकारी के मुताबिक अजीत सिंह रविवार देर रात को अपने साथियों की मदद से जयपुर से बाहर भाग निकाल था। उसकी तलाश में पुलिस टीमें बाहर भेजी गई है।
उसकी बाइक जयपुर में एक दोस्त के पास से जब्त कर ली गई है। वारदात के बाद पकड़े गए सात साथियों से पूछताछ जारी है।
पुलिस के मुताबिक दुष्कर्म का मुख्य आरोपी अजीत सिंह उर्फ जीतराम दूदू तहसील में गांव तुंबीपुरा स्थित बोहरों का दंड का रहने वाला था। वह आठ फरवरी को जलमहल घूमने गई एक जापानी पर्यटक को विश्वास में लेकर चला गया था।
इसके बाद उसने दूदू फागी रोड पर युवती से दुष्कर्म किया। फिर उसे साथियों की मदद से मौजमाबाद गांव ले जाकर दुष्कर्म करने की कोशिश की। जहां युवती के शोर मचाने पर स्थानीय व्यक्ति की मदद से पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद अजीत सिंह भाग निकला।