अब तक 36 की हो चुकी है मौत
अस्पतालों में भर्ती है 42 रोगी
जोधपुर। सूर्यनगरी में स्वाइन फ्लू से मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। शहर के विभिन्न सरकारी अस्पतालों में गुरुवार को एक ही दिन में आठ जनों के दम तोड़ने के बाद शुक्रवार सवेरे दो जनों की और मौत हो गई। वहीं शहर में स्वाइन फ्लू से पीड़ित लोगों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। सिर्फ सरकारी अस्पतालों में ही स्वाइन फ्लू से पीड़ित 42 लोग भर्ती है। जबकि बड़ी संख्या में लोग निजी अस्पताल में भी भर्ती है। वहीं कई लोग स्वाइन फ्लू की थोड़ी बहुत आशंका होते ही इलाज के लिए अहमदाबाद जा रहे है।
दूसरी तरफ स्वाइन फ्लू का प्रकोप बढ़ने के बाद शहर के लोगों में इसका भय साफ नजर आ रहा है। विभिन्न स्कूलों में बच्चों को मास्क पहन कर आना अनिवार्य कर दिया गया है। वहीं थोड़ा बहुत जुकाम होने पर बच्चों को स्कूल आने से रोका जा रहा है। ताकि इससे दूसरे बच्चे प्रभावित नहीं हो। वहीं प्रशासन अभी तक बैठक आयोजित कर इससे निपटने की रणनीति बनाने पर विचार ही कर रहा है।
स्वाइन फ्लू से बढ़ती मौतों ने शहर के लोगों को हिला कर रख दिया है। शहर में एक साथ आठ लोगों की मौत के बाद शुक्रवार सुबह दो जनों की और मौत हो जाने से मामला पेचिदा होता जा रहा है। शहर के विभिन्न सरकारी अस्पतालों में अभी भी 42 मरीज भर्ती है। इनमें से कई लोगों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। दूसरी तरफ अब तक पौने तीन सौ लोगों में स्वाइन फ्लू पॉजिटिव आ चुका है। स्वाइन फ्लू पॉजिटिव आने का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। वहीं चिकित्सकों का कहना है कि शहर में आने वाले अधिकांश मरीज आसपास के जिलों व गांवों से आ रहे है। जोधपुर शहर के मरीज बहुत कम है।
मौतों के बीच अच्छा समाचार
स्वाइन फ्लू से बढ़ रही मौतों के बीच शुक्रवार सुबह विभिन्न सरकारी अस्पतालों से अच्छा समाचार भी मिला। शहर के तीनों प्रमुख अस्पतालों से स्वाइन फ्लू से पीड़ित होने के बाद ठीक हुए 19 जनें स्वस्थ होकर अपने घर रवाना हुए। चिकित्सकों का कहना है कि इससे साफ जाहिर है कि बड़ी संख्या में लोग ठीक भी हो रहे है। ऐसे में स्वाइन फ्लू से घबराने वाली कोई बात नहीं है।