जयपुर। शहर के सेंट्रल पार्क से कारों में से सामान चोरी होने का मामला सामने आया है। दो अलग-अलग मामलों में कैश,
मोबाइल, आई.डी. कार्ड और अन्य सामान चोरी चला गया।
पहली घटना मुरलीपुरा निवासी गौरव अग्रवाल के साथ मंगलवार रात को हुई। वे अपनी 800
मारुति कार पार्क के गेट नंबर 4 पर खड़ी करके सामने मैरिज गार्डन में शादी समारोह में गए थे। लौटे तो उनकी कार से एक पार्सल में से मोबाइल एसेसरीज का सामान चोरी हुआ। साथ ही एक बैग भी था, जिसमें से पासपोर्ट, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पहचान पत्र, दो डायरी, बहीखाता, दुकानदारों के हिसाब की पर्चियां, बैंक की चैकबुक, एटीएम कार्ड, तीन मोबाइल और 10 हजार रुपए नगद थे।
अग्रवाल की कार का न तो शीशा टूटा और न ही कोई अन्य नुकसान हुआ। संभवत: चोरों ने शीशे को स्केल से खोलकर सामान चोरी किया।
दूसरा मामला मानसरोवर एसएफएस निवासी सौरभ मिश्रा के साथ बुधवार शाम को हुआ। जब वे पार्क के गेट नंबर 2 पर कार खड़ी करके पार्क में गए थे। आने पर देखा तो कोई उनकी कार का शीशा तोड़कर पर्स, 1500 रुपए और मोबाइल फोन चोरी कर ले गया। उन्होंने बताया, सामान में कुछ जरूरी कार्ड भी थे, जो चोरी हो गए।
जांच अधिकारी रहमत अली ने बताया, चोरों की तलाश जारी है। वहीं उन्होंने बताया, पार्क में अतिरिक्त गार्ड लगाए जाने की जरूरत है। साथ ही पार्क में आने वाले लोगों काे भी जागरूक होना पड़ेगा।