जयपुर। शिक्षा विभाग में प्रदेश के 40 हजार तृतीय श्रेणी शिक्षकों को नियमित वेतन श्रृंखला देने की तैयारी प्रारंभ हो गई है। यह शिक्षक नियुक्त के बाद प्रोबेशनरी पीरीयड खत्म होने के बाद पिछले चार महीने से नियमित होने का इंतजार कर रहे थे।
इन शिक्षकों की भर्ती 2012 में हुई थी और सितंबर 2014 में इनका दो साल का प्रोबेशनरी पीरियड खत्म हो चुका है। इनके नियमितिकरण के लिए प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने आदेश जारी किया है। आदेश में कहा गया है कि अगर इन शिक्षकों से संबंधित मामला न्यायालय में चल रहा है तो पंचायतीराज विभाग से मार्गदर्शन लेकर आगे की कार्रवाई की जाए।
पंचायतीराज विभाग ने जिला परिषदों के माध्यम से इन शिक्षकों की भर्ती की थी। लेकिन टेट के उत्तीर्णांक में कुछ वर्गों को छूट दिए जाने के कारण इन शिक्षकों का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। इन शिक्षकों का परिवीक्षा काल सितंबर में पूरा होने के बावजूद मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के कारण नियमितिकरण का मामला अटका हुआ है।
अब प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने शिक्षा उप निदेशकों और जिला शिक्षा अधिकारियों को इन शिक्षकों का स्थायीकरण और नियमित करने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।