जयपुर। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की वर्ष 2015 की 8वी बोर्ड, 10वीं, 12वीं, प्रवेशिका और वरिष्ठ उपाध्याय परीक्षाओं में सम्मिलित होने वाले सभी परीक्षार्थियों के रोल नंबर बोर्ड की वेब साइट पर जारी कर दिए हैं।
मुख्य परीक्षा नियंत्रक प्रिया भार्गव के अनुसार विद्यालय अपना यूजर आई.डी. और पासवर्ड बोर्ड की वेब साइट पर लौगिन कर अपने विद्यालय में बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होने वाले सभी परीक्षार्थियों के रोल नंबर, परीक्षा केन्द्र और चयनित विषयों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
यदि किसी परीक्षार्थी के नाम, माता-पिता के नाम अथवा विषयों में कोई त्रुटि नजर आती है तो नियमित परीक्षार्थी संस्था प्रधान के माध्यम से बोर्ड को सूचित कर सकते हैं। स्वयंपाठी परीक्षार्थी त्रुटि सुधार के लिए आवश्यक मूल प्रमाण-पत्रों के साथ सीधे बोर्ड से संपर्क कर सकते हैं।
बोर्ड की वर्ष 2015 की परीक्षाओं के लिए कुल 19 लाख 46 हजार 910 परीक्षार्थी पंजीकृत किए गए हैं। सैकण्डरी परीक्षा के लिए कुल 11 लाख 6 हजार 357, सीनियर सैकण्डरी परीक्षा के लिए 8 लाख 27 हजार 48, प्रवेशिका परीक्षा के लिए 8 हजार 745 और वरिष्ठ उपाध्याय परीक्षा के लिए 4 हजार 760 परीक्षार्थी पंजीकृत किये गए हैं। इनमें 11 लाख 67 हजार 69 छात्र हैं और 7 लाख 79 हजार 841 छात्राएं हैं। आठवीं बोर्ड की परीक्षा में कुल 10 लाख 8 हजार 171 परीक्षार्थी पंजीकृत किए गए हैं, जिनमें 5 लाख 59 हजार 773 बालक और 4 लाख 48 हजार 398 छात्राएं हैं।