जयपुर। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा है कि राज्य सरकार निवेशकों को अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराते हुए प्रदेश को निवेश के लिये उपयुक्त प्रदेश बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। राज्य सरकार का प्रयास है कि निजी क्षेत्र के साथ भागीदारी से राजस्थान को अन्य प्रदेशों के मुकाबले अधिक तेजी से विकसित किया जाए।
मुख्यमंत्री गुरुवार को मुख्यमंत्री कार्यालय के कान्फ्रेंस हॉल में राज्य सरकार एवं रिलायंस पॉवर लिमिटेड के बीच हुए एमओयू के दौरान ये बात कहीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र एवं राज्य में सरकार के बदलने के साथ माहौल बदला है और लोगों की उम्मीदें बढ़ी हैं। लोग और अधिक समय इंतजार नहीं कर सकते, वे पिछले 60 सालों से इंतजार कर रहे हैं। हमें उनकी उम्मीदों पर खरा उतरना होगा।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश, गुजरात एवं छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में 15 सालों से लगातार एक ही सरकार रही है। इसका फायदा उन्हें राज्य के आर्थिक विकास में मिला है। प्रदेश में विकास कार्यों में गैप आ जाने से समस्या उत्पन्न हो गई है जिसे निजी क्षेत्र की सहभागिता से दूर किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हमारे लिये यह खुशी की बात है कि रिलायंस समूह ने सौर ऊर्जा क्षेत्र में निवेश के लिये राजस्थान को चुना है। राज्य सरकार निवेशकों की राह आसान बनाने के लिये कृत संकल्प है। उन्होंने कहा कि रिलायंस समूह के साथ आगे भी भागीदारी की संभावनाएं हैं।
राजे ने कहा कि हमने प्रदेश में 25 हजार मेगावाट सौर ऊर्जा क्षमता विकसित करने का लक्ष्य तय किया है। इस समय सीमेंट और ऊर्जा के क्षेत्र में निजी क्षेत्र के साथ भागीदारी हमारी प्राथमिकता में है। उन्होंने कहा कि नवम्बर, 2015 में आयोजित होने वाले रिसर्जेंट राजस्थान सम्मेलन से भी राज्य सरकार को काफी उम्मीदें हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री राजे एवं रिलायंस पॉवर के अध्यक्ष अनिल अंबानी की उपस्थिति में गुरूवार को राज्य सरकार एवं रिलायंस पॉवर लिमिटेड के बीच प्रदेश में अगले 10 वर्षों में चरणबद्घ तरीके से 6 हजार मेगावाट क्षमता के सोलर पार्क विकसित करने के लिये संयुक्त उपक्रम कम्पनी बनाने के संबंध में एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।
राज्य सरकार की ओर से राजस्थान अक्षय ऊर्जा निगम के प्रबंध निदेशक बी.के.दोसी एवं रिलायंस पॉवर लि. की ओर से कम्पनी के वरिष्ठ कार्यकारी उपाध्यक्ष सुरेश नागराजन ने हस्ताक्षर किए।
अम्बानी ने कहा कि प्रदेश में सोलर पॉवर के क्षेत्र में रिलायंस समूह द्वारा 50 हजार करोड़ रुपये का निवेश किया जाना प्रस्तावित है। हमारा समूह राज्य सरकार के साथ दीर्घकालिक सहभागिता करने का इच्छुक है।
रिलायंस पॉवर लिमिटेड द्वारा इन सोलर पार्कों में आधारभूत सुविधाओं को विकसित करने के साथ-साथ विद्युत प्रसारण तंत्र भी विकसित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने किया 100 मेगावाट सोलर थर्मल पॉवर प्रोजेक्ट का लोकार्पण
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने रिलायंस समूह की ओर से जैसलमेर जिले के धूड़सर में निर्मित 100 मेगावाट क्षमता के सोलर थर्मल पॉवर प्रोजेक्ट की शिलापट्टिका का अनावरण कर लोकार्पण किया।
कार्यक्रम में ऊर्जा राज्य मंत्री पुष्पेंन्द्र सिंह राजावत, मुख्य सचिव सी.एस.राजन, प्रमुख शासन सचिव खान एवं पैट्रोलियम अशोक सिंघवी, प्रमुख शासन सचिव पीडब्लूडी डी.बी.गुप्ता, सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
आगे की स्लाइड में देखिए और फोटोज।
फोटो: योगेंद्र गुप्ता।