कांग्रेस से बगावत करने वाले सात पार्षद सस्पेंड - v
पॉलिटिकल रिपोर्टर.जयपुर। मालपुरा नगर पालिका अध्यक्ष के चुनाव में बगावत करने वाले सात पार्षदों को कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है। प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट ने पर्यवेक्षक की रिपोर्ट पर बुधवार को यह आदेश जारी किया। मालपुरा में कांग्रेस के 25 में से 12 पार्षद चुन गए थे। इसके बावजूद कांग्रेस पार्षदों की बगावत के चलते पार्टी के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी को महज पांच वोट मिले थे। इससे कांग्रेस को बड़ी फजीहत का सामना करना पड़ा था।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी की मीडिया चेयरपर्सन डॉ. अर्चना शर्मा ने बताया कि मालपुरा नगरपालिका चुनाव-2016 के अध्यक्ष पद के निर्वाचन में अनुपस्थित रहने के कारण मालपुरा के पार्षद अकरम खान, नाजमा बानो, अलमानु हक एवं मो. शाकिर को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलम्बित किया है। इसी प्रकार उक्त चुनाव में पार्टी प्रत्याशी के विरुद्ध मतदान करने के कारण मालपुरा के पार्षद ओमप्रकाश माली, मनीषा खटीक एवं चैनतारा को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलम्बित किया गया है। उन्होंने बताया कि मालपुरा चुनाव-2016 के अध्यक्ष पद के निर्वाचन हेतु नियुक्त पर्यवेक्षक की रिपोर्ट के आधार पर उक्त निलंबन किये गये है।