जयपुर। अटकलों के बीच आखिर पूर्व विधायक प्रतापसिंह खाचरियावास को जयपुर का जिलाध्यक्ष नियुक्त कर दिया गया है। प्रतापसिंह खाचरियावास के घर पर पिछले दिनों प्रवर्तन निदेशालय का छापा पड़ा था, तब माना जा रहा था कि जिलाध्यक्ष की कतार में शामिल खाचरियावास का पत्ता कट सकता है, लेकिन पायलट ने इसे दरकिनार करते हुए उन्हें जयपुर की जिम्मेदारी सौंपी है।
विधानसभा चुनाव लड़े ज्यादातर प्रत्याशी थे मोर्चे पर ....
असल में करीब डेढ़ साल से जिलाध्यक्ष के नियुक्त किए जाने की कवायद चल रही थी। तब से ही जिले के कई नेता कोशिश में थे कि उन्हें यह पद मिल जाए। हालांकि खुलकर कोई सामने नहीं आ रहा था। लोकसभा चुनाव के आसपास विधानसभा चुनाव में हारे कांग्रेस के ज्यादातर प्रत्याशी प्रताप सिंह खाचरियावास के पक्ष में लामबंद हो गए थे। तब पायलट ने जिलाध्यक्ष बनाए नहीं और लामबंद हुए सभी प्रत्याशी अलग-अलग हो गए। बाद में पूर्व मंत्री ब्रजकिशोर शर्मा समेत पूर्व सांसद डॉ. महेश शर्मा, जिलाध्यक्ष रहे सलीम कागजी के बेटे अमीन कागजी, पंडित सुरेश मिश्रा खुद भी जिलाध्यक्ष बनने की कवायद में जुट गए।
हालांकि बीच में नाम डॉ. अर्चना शर्मा का भी आया, लेकिन उन्होंने स्पष्ट रूप से खुद काे इससे अलग कर लिया। तब से आज तक जिलाध्यक्ष के तौर पर नामों की घोषणा की अटकलें ही लगाई जाती रहीं, लेकिन अब अंतत: प्रताप सिंह के नाम की घोषणा कर दी गई।
8 साल से नहीं हुए चुनाव, कागजी ही बनते रहे अध्यक्ष
असल में जयपुर जिलाध्यक्ष के लिए सबसे ज्यादा उत्सुकता थी, क्योंकि बीते 8 सालों से यहां चुनाव ही नहीं हुआ। तब से ही सलीम कागजी लगातार अध्यक्ष बनते आ रहे थे। अपने आखिरी सालों के कार्यकाल के दौरान कागजी काफी निष्क्रिय अध्यक्ष हो गए थे। बताया जा रहा है कि कागजी के कामकाज का भी खासा विरोध जिले में बढ़ता जा रहा था। कई बार नए अध्यक्ष को लेकर आवाज उठी, लेकिन किसी भी प्रदेशाध्यक्ष ने नया अध्यक्ष नहीं बनाया। अब सचिन पायलट ने अपनी नई टीम की घोषणा कर नए बदलाव की ओर संकेत किए हैं।
15 दिन में बनाएंगे नई कार्यकारिणी
अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद प्रताप सिंह खाचरियावास ने भास्कर डॉटकॉम को बताया कि वे 15 दिन में ही नई कार्यकारिणी का गठन कर लेंगे। इसमें ज्यादातर युवा चेहरे होंगे। उन्होंने अपनी रणनीति बताते हुए कहा कि जयपुर के संबंध में अब सरकार कोई भी फैसला करेगी तो जनता के खिलाफ प्रत्येक फैसले का डटकर सामने किया जाएगा। जनता के साथ प्रदर्शन-धरने और आंदोलन होंगे।
अगली स्लाइड में जानिए किन्हें बनाया गया जिलाध्यक्ष