ग्लोबल मार्केट में तेजी से सोना 200 रुपए और महंगा - v
बिजनेस रिपोर्टर। जयपुर
ग्लोबल मार्केट में तेजी का रुख रहने के चलते घरेलू बाजार में शुद्ध सोना और महंगा हो गया। इस वजह से गुरुवार को जयपुर सर्राफा बाजार में सोना स्टैंडर्ड तथा 22 कैरेट जेवराती सोने में 200 रुपए प्रति दस ग्राम की तेजी रही। जबकि चांदी में 100 रुपए प्रति किलोग्राम चढ़ गई। चांदी कलदार के भावों में बदलाव नहीं हुआ। घरेलू बाजार में सोना एक वर्ष, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में नौ माह के स्तर पर पहुंच गया है। उधर, अमेरिकी वायदा एक्सचेंज कॉमेक्स में अप्रैल डिलीवरी सोने के भाव 3.21 फीसदी बढ़कर 1235 डॉलर तथा मार्च डिलीवरी चांदी के भाव 2.32 फीसदी की तेजी से 15.63 डॉलर प्रति औंस हो गए।
बाजार विशेषज्ञों कहना है कि बुधवार को अमेरिकी सेंट्रल बैंक फैडरल रिजर्व की चेयर पर्सन जेनट येलन में इस साल ब्याज दरों में और बढ़ोतरी नहीं करने तथा कठोर मौद्रिक नीति के संकेत दिए। इसके अलावा दुनियाभर के शेयर बाजारों में गिरावट का रुख बना हुआ है। इस कारण ग्लोबल मार्केट में निवेशक सोने पर दांव लगा रहे हैं। इसके चलते गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने ने लंबी छलांग लगाई। इसके चलते घरेलू बाजार में भी सोना 30,000 रुपए तक पहुंचने की संभावना प्रबल हो गई। ग्लोबल मार्केट में भावों में उछाल से शुक्रवार को घरेलू बाजार में सोने में बड़ी तेजी देखने को मिल सकती है।
जयपुर सर्राफा बाजार में भाव इस प्रकार रहे-चांदी (999) 37,400, चांदी रिफाइनरी 36,900 रुपए प्रति किलो। चांदी कलदार 70,000 रुपए प्रति सैकड़ा। सोना स्टैंडर्ड 28,750 रुपए, सोना जेवराती 27,300 रुपए तथा वापसी 26,700 रुपए प्रति 10 ग्राम।