पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंलुधियाना। घुमार मंडी के हीरा सिंह नगर इलाके में पानी पीने के बहाने घर में घुसा नौसरबाज वृद्ध महिला की आंख में धूल झोंक लाखों के जेवर और कैश पर हाथ साफ कर गया। यह घर नगर निगम में इंस्पेक्टर बलदेव राज का है। सूचना मिलने पर पहुंची थाना डिवीजन नंबर 8 पुलिस ने घटना स्थल का जायजा तो लिया। मगर पर्चा दर्ज करने में 4 महीने का समय लगा दिया।
पुलिस को दी शिकायत में बलदेव राज ने बताया कि 19 जनवरी को वो परिवार के साथ अपने साले के बेटे की शादी में शामिल होने के लिए होशियार पुर गए थे। घर में उनकी 80 साल की माता अकेली थी। उनकी बहू नवनीत कौर हैबोवाल इलाके में रहती है। दोपहर करीब ढाई बजे वो माता जी को खाना देने के लिए आई तो उसने फोन करके बताया कि घर में चोरी हो गई। चेक करने पर पता चला कि अलमारी तोड़ कर किसी ने 10 तोले सोने के जेवर और 40 हजार कैश चोरी कर लिया।
पूछताछ में वृद्ध महिला ने बताया कि थोड़ी देर पहले एक्टिवा स्कूटर पर एक लड़का आया था। उसने बताया कि वो बलदेव के साथ ही नगर निगम में काम करता है। उसने माता से पानी पिलाने की मांग की। वृद्धा ने बताया कि उसे पूरा यकीन है कि चोरी की उस घटना में उसी युवक का हाथ है। इंस्पेक्टर रंजीत सिंह ने बताया कि इंस्पेक्टर पहले अपने स्तर पर मामले की छानबीन करता रहा। मगर जब कोई सफलता नहीं मिली तो पुलिस को शिकायत दे दी। इस लिए पर्चा दर्ज करने में देरी हुई। फिलहाल आरोपी की तलाश की जा रही है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.