पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंलुधियाना। डाबा इलाके के तीन नाबालिग शातिर एक डिपार्टमेंटल स्टोर को 6 महीने तक चूना लगाते रहे। इसके लिए उन लोगों ने स्टोर के बिल बुक जैसी ही बुक तैयार करवा रखी थी। गेट कीपर की आंख में धूल झोंकने के लिए उन लोगों ने पेमेंट पेड की फर्जी मोहर भी बनवा रखी थी। वो अभी और भी लंबे समय तक स्टोर के मालिक को चूना लगाते। मगर उनकी एक चूक ने उनके गुनाह को सामने ला दिया। थाना डाबा पुलिस ने उनके खिलाफ केस दर्ज करके तलाश शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर अश्विनी कुमार ने बताया कि आरोपी पीपल चौक के न्यू आजाद नगर में रहने वाला सोहन कुमार, जीती और न्यू अशोक नगर में रहने वाला सुधीर कुमार हैं। डाबा लोहारा के गुरु नानक नगर इलाके में रहने वाले जगजीवन कुमार की शिकायत पर उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया।
स्टोर में ऐसे होती है खरीददारी :-
जगजीवन कुमार का डाबा इलाके में पम्मा डिपार्टमेंटल स्टोर है। जिसमें सेल्फ सर्विस है। ग्राहक अपनी ट्रॉली लेकर सामान लेने के बाद कैश काउंटर पर पहुंचते हैं। जहां जगजीवन कुमार उसका बिल तैयार करके पेमेंट लेते और बिल पर पेड की मोहर लगा कर देते। गेट पर खड़ा गार्ड बिल पर लिखे सामान का मिलान करके ग्राहक को बाहर जाने देता।
ऐसे आए पकड़ में :-
10 जुलाई को आरोपी स्टोर में चोरी के लिए गए। सामान चोरी करने के बाद उन लोगों ने 17400 का बिल तैयार कर लिया। बिल में उन लोगों ने सरसों के तेल के पैसे तो जोड़ लिए। मगर स्टॉक में तेल रखना भूल गए। जब वो गेट कीपर के पास पहुंचे तो सामान में सरसों का तेल नहीं था। जिस पर गेट कीपर अंदर मालिक के पास पहुंच गया, और मालिक को तेल न होने के बाबत बताया। गार्ड की बात सुनते ही जगजीवन के कान खड़े हो गए। क्योंकि उस समय उसने उतनी अमाउंट का बिल ही नहीं बनाया था। मामला समझ में आते ही वो लोग गेट की तरफ भागे। दोनों को अपनी तरफ आता देख आरोपी सामान छोड़ कर भाग खड़े हुए। मगर उनमें से सोहन को मौके पर पकड़ लिया गया। उसी ने बताया कि नकली बिल और मोहर के सहारे पिछले 6 महीने से वो लोग चोरी करते आ रहे थे। बाद में जब लोगों का जमघट लगा तो आरोपी आंख बचा कर फरार हो गया। इंस्पेक्टर अश्विनी कुमार ने कहा कि तीनों बदमाशों की तलाश की जा रही है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.