रायपुर। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां पुलिस ने एक बकरी को गिरफ्तार कर लिया है। बकरी पर आरोप है कि वह स्थानीय मजिस्ट्रेट के बंगले में घुसकर फूल-पत्तियां खा जाती थी। बकरी के मालिक के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है।
जानिए क्या है मामला
मामला जिला मुख्यालय बैकुंठपुर से 150 किलोमीटर दूर जनकपुर का है। जनकपुर में पदस्थ न्यायिक मजिस्ट्रेट एच रात्रे के घर के बगीचे में घुसकर एक बकरी कुछ दिनों से पौधों को नुकसान पहुंचा रही थी। मजिस्ट्रेट ने इस संबंध में पुलिस को जानकारी दी। न्यायालय में पदस्थ राजेश पैकरा ने मजिस्ट्रेट के बंगले मे बकरी द्वारा हरे भरे पौधों को नुकसान पहुंचाने के संबंध में जनकपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बकरी के मालिक अब्दुल हसन और बकरी को पकड़ थाने ले आई। देर रात तक दोनों को थाने में ही रखा गया था। मजिस्ट्रेट के घर में घुसकर पौधों को नुकसान पहुंचाने के मामले में बकरी के मालिक के खिलाफ दो धाराओं ( 427- किसी संपत्ति, वस्तु का नुकसान पहुंचाना और 447 बिना अनुमति किसी के घर में प्रवेश करना ) के तहत कार्रवाई की गई। इन धाराओं में तीन महीने तक की सजा हो सकती है। इसकी जमानत थाने से हो जाती है।
कई बार दी गई समझाइश
इस मामले में पुलिस का कहना है मजिस्ट्रेट बंगले के माली द्वारा बार-बार बकरी को समझाइश दी गई लेकिन वह नहीं मानी। थाने में पदस्थ नगर निरीक्षक आरएस पैकरा ने बताया कि बकरी मालिक के मालिक को कई बार इस संबंध में जानकारी दी गई थी लेकिन उसने भी ध्यान नहीं दिया। उसके बावजूद बकरी मालिक द्वारा ध्यान नहीं दिया गया तब बकरी और बकरी के मालिक के विरुद्ध न्यायिक कार्यवाही की गई है। अब बकरी के मालिक को कोर्ट के सामने पेश किया जाएगा।