रायपुर. अंबेडकर अस्पताल में मंगलवार को होने वाले हार्ट के ऑपरेशन स्थगित कर दिए गए हैं। मरीजों की शारीरिक स्थिति को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। ऑपरेशन के लिए अगले महीने का समय दिया गया है लेकिन तारीख नहीं बताई गई है।
पांच ऑपरेशन होने थे
छत्तीसगढ़ के किसी सरकारी अस्पताल में पहली बार बिना मरीज का सीना खोले दिल का छेद बंद करने की 'बटन तकनीक' से मंगलवार को पांच ऑपरेशन होने थे। इसके लिए पीजीआई, चंडीगढ़ से कार्डियोलॉजिस्ट डॉ मनोज कुमार रोहित को बुलाया गया था, जो कल से ही 'अंबेडकर' के डॉ स्मित श्रीवास्तव के सहयोग से ऑपरेशन कर रहे थे।
डॉक्टरों ने बताया कि जिन मरीजों का आज ऑपरेशन होना था, उनकी फिजिकल कंडीशन ऑपरेशन के लायक नहीं होने के कारण फिलहाल ऑपरेशन रोकने का फैसला लिया गया है। अब अगले मार्च में जब डॉ रोहित दोबारा आएंगे तब ऑपरेशन होंगे।
दाएं पैर की नस से पहुंचाते हैं बटन
विशेषज्ञों की टीम में शामिल डा. स्मित ने बताया कि इस तकनीक में दिल तक एक खास तरह का बटन पहुंचाने के लिए दाएं पैर की नस की मदद ली जाती है। नस के जरिए धीरे-धीरे दिल तक पहुंचाया जाता है। इसके बाद जहां छेद रहता है, वहां बटन को फिक्स कर देते हैं। बटन एक बार फिक्स होने के बाद जीवनभर साथ देता है। लेकिन इसे लगाने के एक-दो दिन बाद तक विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। जैसे, मरीज के खांसने से बटन हिल सकता है, इसलिए खांसी रोकना जरूरी है।