रायपुर/राजनांदगांव। केंद्र सरकार के रूरबन (RURBAN) प्रोजेक्ट की देशव्यापी शुरुआत राजनांदगांव के डोंगरगढ़ से होगी। इसके लिए खुद पीएम मोदी 21 फरवरी को यहां आ रहे हैं। दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां शुरू हो गई हैं।
'प्रपोजल स्वीकृत'
राजनांदगांव जिले के कलेक्टर मुकेश बंसल ने कहा, "पीएम मोदी 21 फरवरी को मुरमुंदा से देशव्यापी रूरबन योजना की शुरुआत करेंगे। इसके लिए प्रपोजल भेजा गया था, जो स्वीकृत हो चुका है।"
16 गांव बनेंगे 'शहर'
रुरबन योजना के तहत डोंगरगढ़ ब्लॉक की 16 पंचायतों के गांवों को शहर की तर्ज पर डेवलप किया जाएगा। इसके लिए तकरीबन 65 से 70 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इन गांवों में मूलभूत सुविधाओं से लेकर अन्य जरूरी चीजें उपलब्ध कराई जाएंगी। इसमें मुरमुंदा, मेढ़ा, भंडारपुर, डुंडेरा, राका, मुढ़पार, मूंदगांव, पिपरिया सहित 16 गांवों के नाम तय हैं।
इस आधार पर चुने गए गांव
विकास के लिए रेल व सड़क कनेक्टिविटी का होना जरूरी है। मुरमुंदा व आसपास की पंचायतों को यह सुविधा है। मुरमुंदा से रेलवे लाइन महज 4 से 6 किलोमीटर दूर है। इसके अलावा डोंगरगढ़ तक सड़क-निर्माण भी हो चुका है।
ओडीएफ घोषित हो सकती है चौकी
अधिकारियों की मानें तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अंबागढ़ चौकी ब्लॉक को खुले में शौच मुक्त (ओडीएफ) घोषित कर सकते हैं। जिला प्रशासन ने इसकी भी तैयारी कर ली है। ओडीएफ के लिए चौकी के हर गांव पर शुरू से ही ध्यान दिया जा रहा है। ओडीएफ के लिए काफी समय से काम चल रहा है।