रायपुर. सरगुजा जिले में वाड्रफनगर के पास कल रात हुए सड़क हादसे में घायल प्रदेश के गृहमंत्री रामसेवक पैकरा का इलाज रायपुर के रामकृष्णा केयर अस्पताल में जारी है। डॉक्टरों ने उनकी हालत के खतरे से बाहर बताया है। उनके साथ तीन अन्य घायलों का भी इलाज चल रहा है। तीनों को आईसीयू वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है।
हाथ-पैर में गहरी चोटें
सरगुजा जिले के घाट पेंडारी में गृहमंत्री की कार एक पिकअप से टकरा गई थी। उनके सिर, हाथ-पैर में गहरी चोटें आई हैं। हादसे में घायल अशोक गुप्ता, विजय तिवारी व जसबीर सिंह भी रामकृष्णा में ही भर्ती है। स्वास्थ्य विभाग के संचालक आर. प्रसन्ना ने बताया कि डॉक्टर्स गृहमंत्री पर खास निगाह रख रहे हैं और अन्य तीन की भी स्थिति सामान्य है।
सेना के हेलिकॉप्टर से लाया गया
बुधवार रात आठ बजे हुए हादसे की खबर जैसे ही फैली, पुलिस और प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में उन्हें अंबिकापुर अस्पताल से लाने के लिए सेना का हेलीकॉप्टर भेजा गया। उन्हें पहले भटगांव के एसईसीएल (साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड) के अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें अंबिकापुर के मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। अंबिकापुर से उन्हें देर रात रायपुर लाया गया।
वार्षिकोत्सव के बाद घूमने गए थे
गृहमंत्री पैकरा बुधवार दोपहर अंबिकापुर यूनिवर्सिटी के वार्षिकोत्सव में शामिल होने के बाद अपने विधानसभा क्षेत्र के वाड्रफनगर की ओर घूमने के लिए निकले थे। वहां से रात करीब 8 बजे लौटने के दौरान चंदौरा थाना के घाट पेंडारी के पास सामने से आ रही पिकअप ने गृहमंत्री के सफारी को टक्कर मार दी। गृहमंत्री गाड़ी के आगे फॉलोगार्ड की गाड़ी थी। पिकअप फॉलोगार्ड गाड़ी से टकराने से बच गई, लेकिन गृहमंत्री की सफारी से जा टकराई।
सीएम ने की बात
घटना की सूचना मिलने पर एसपी, कलेक्टर सहित आला अफसर मौके पर पहुंचे। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने दिल्ली से पैकरा से फोन पर बात की। उन्होंने मुख्य सचिव और डीजीपी को तत्काल हेलीकॉप्टर से रायपुर लाने के निर्देश दिए।
आगे की स्लाइड्स पर देखें संबंधित फोटोज...