रायपुर. गृहमंत्री रामसेवक पैकरा के कार हादसे की गंभीरता को देखते हुए सरकार ने जांच के आदेश दिए हैं। सरगुजा के आईजी दीपांशु काबरा को जांच अधिकारी बनाया गया है। जांच टीम यह बता लगाएगी कि एक जेड प्लस सुरक्षा वाले वीवीआईपी के काफिले में चूक कहां हुई।
पैकरा का इलाज जारी
गौरतलब है कि पैकरा की गाड़ी बुधवार रात करीब आठ बजे सरगुजा जिले में वाड्रफनगर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी जिसमें वह घायल हो गए थे। उनका रायपुर के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत में सुधार है और वे खतरे से बाहर हैं।
भाजपा-कांग्रेस जांच पर एक
हादसे के बाद सत्ताधारी भाजपा और विरोधी दल कांग्रेस के कई नेताओं ने इसे एक गंभीर मामला बताया था। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल ने राज्य सरकार से मामले की गंभीरता से जांच की मांग की थी।
वीआईपी सुरक्षा में चूक
पैकरा का कार हादसा वीआईपी सुरक्षा पर कई सवाल खड़े कर रहा है। जेड प्लस सुरक्षा के नियमों के मुताबिक गृहमंत्री की गाड़ी के आगे-आगे एक पायलट व्हीकल भी चलता है। सवाल उठाया जा रहा है कि गृहमंत्री के काफिले में बाहर का वाहन कैसे घुसा। हालांकि बताया जा रहा है कि खराब रोड के कारण पायलट व्हीकल बहुत आगे निकल गया था।
बुलेट प्रूफ गाड़ी छोड़ना पड़ा महंगा
बताया जा रहा है कि गृहमंत्री अपनी सरकारी बुलेटप्रूफ गाड़ी को छोड़कर साधारण गाड़ी में सवार हो गए थे, जिसके कारण हादसे का नुकसान ज्यादा हुआ। एक्सपर्ट्स के मुताबिक गाड़ी में एयरबैग नहीं होना खतरनाक साबित हुआ। घटना के गवाह रहे लोगों का कहना है कि पैकरा ने सीट बेल्ट भी नहीं बांधा था।