रायपुर. पुरानी बस्ती थाने में एक धोखाधड़ी से संबंधित मामला दर्ज हुआ है। प्रार्थी शंकर नचरानी ने शैलेष शर्मा पर सीज की गई गाड़ी दिलाने के नाम पर ठगी का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्रोफेसर कॉलोनी में रहने वाला शैलेष शर्मा रिकवरी का काम करता है। इसमें कई बार पैसा नहीं देने पर खरीदी हुई गाड़ियां सीज कर ली जाती है। शैलेष ने ऐसी ही एक सीज की हुई मालवाहक गाड़ी सस्ती कीमत में देने का आश्वासन शंकर नचरानी को दिया।
शैलेष ने गाड़ी उपलब्ध भी करवा दी और उसकी बकाया किश्त फाइनांस कंपनी को जमा करने को कहा। शंकर इसके लिए तैयार हो गया और हर महीने ११ हजार रुपए शैलेष को देने लगा।
आरोप है कि कुछ महीनों बाद शंकर को पता चला कि उसकी दी हुई रकम किश्त के तौर पर जमा ही नहीं हो रही है और न गाड़ी का मलिकाना हक ही उसके नाम ट्रांस्फर किया गया है। धोखाधड़ी का पता चलने पर उसने पुलिस में शिकायत कर दी।