रायगढ़। प्रेमिका के साथ कोर्ट मैरिज करने के लिए न्यायालय में आए प्रेमी के समक्ष उस समय अजीबो गरीब स्थिति बन गई, जब कोर्ट परिसर में एक अन्य महिला उसकी पत्नी होने का दावा करने लगी। उसके परिजनों ने कोर्ट परिसर के बाहर मामले को लेकर पिटाई भी कर दी। पुलिस कंट्रोल रूम की सूचना पर जूट मिल पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें थाने ले आई। त्रिकोणीय प्रेम के इस मामले की पूरे शहर में चर्चा हो रही है।
रायगढ़ के जूट मिल थाने में 5 दिन पहले अनिता सिदार के परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अनिता एक युवक के साथ घर से भाग गई। उसने टेकलाल पटेल के साथ मंदिर में शादी कर ली। इसके बाद वह घर लौट आए। इसके बाद उनके परिजन जैसे—तैसे राजी हुए और उन्होंने इस शादी को मंजूर भी कर लिया। लेकिन इसे कानूनी मान्यता देने के लिए कोर्ट मैरिज करने का निर्णय लिया गया।
प्रेमी टेकलाल अनिता के साथ कोर्ट मैरिज करने के लिए पहुंचे। वे परिसर में पहुंचे ही थे कि वहां ड्रामा शुरू हो गया। वहां एक अन्य महिला रजनी सारथी पहुंची और खुद को टेकलाल की पत्नी होने का दावा करने लगी। उसने बताया कि टेकलाल से 2010 में शादी हुई और उससे उसे एक बच्ची भी है। वह साथ में बच्ची को भी लेकर आई थी।
इसके बाद स्थिति और अजीब हो गई। टेकलाल ने जब उस युवती से किसी प्रकार के संबंध होने से इनकार किया तो साथ आए उसके परिजनों ने युवक की जमकर पिटाई कर दी, मामले की सूचना कंट्रोल रूम से जूट मिल थाने तक पहुंची, चूंकि अनिता सिदार की गुमशुदगी की रिपोर्ट थाने में कुछ दिन पहले दर्ज कराई गई थी। इसके चलते पुलिस उन्हें जूट मिल थाने में ले आई।
इसके बाद थाने में दिन भर विवाह और प्रेम संबंधों को लेकर विवाद चलता रहा और शाम तक कोई फैसला नहीं होने पर वे अपने घर को लौट गए।
झूठ बोल रही है रजनी
टेकलाल की प्रेमिका अनिता ने कहा कि रजनी से टेकलाल की शादी नहीं हुई और न ही उसका कोई बच्चा है। वह जानबूझकर उसके पीछे पड़ी है और शादी में बाधा डाल रही है। उसे अपने प्रेमी पर पूरा विश्वास है। वह उसी से शादी करेगी। वह टेकलाल के बिना मर जाएगी।
न मेरी शादी हुई न मेरा कोई बच्चा
टेकलाल ने बताया कि उसकी शादी रजनी सारथी से नहीं हुई है। वह उसे जानता है, पर प्यार कभी नहीं किया। रजनी ही उसे एकतरफा प्यार करती हैं। इसलिए शादी में बाधा डाल रही है। वह अनिता से प्यार करता है, उसके बिना मर जाएगा।
देखती हूं कैसे होती है शादी
रजनी सारथी ने बताया कि वह 2010 में कोड़ातराई में सिलाई सीखने जाती थी, उसी दौरान उसकी मुलाकात टेकलाल से हुई और दोनों में प्यार हो गया। घर से भागकर पहाड़ मंदिर में दोनों ने शादी कर ली और कुछ माह साथ रहे। इससे उनको एक बेटी हुई। सामाजिक विरोध व आर्थिक परेशानी के चलते टेकलाल दूर हो गया। पर जाते समय पैसा कमाने के बाद उसे साथ लेने का आश्वासन दिया था।