पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंरायपुर। मेडिकल कॉलेज का अगला डीन कौन होगा, राज्य शासन अब तक तय नहीं कर पाया है। जबकि वर्तमान डीन डॉ. एके शर्मा के रिटायरमेंट में महज चार दिन बाकी है। वे 31 जुलाई को रिटायर हो जाएंगे। डीन पर फैसला सोमवार को हो सकता है। इन दिनों स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव एमके राउत छुट्टी पर है और वे सोमवार को लौटेंगे।
मेडिकल कॉलेज के नए डीन के नाम का सभी को इंतजार है। दैनिक भास्कर के आकलन के अनुसार डीन के लिए फोरेंसिक मेडिसिन विभाग के एचओडी डॉ. आरके सिंह की संभावना ज्यादा बन रही है। हालांकि वे नेत्र रोग के एचओडी डॉ. एके चंद्राकर से जूनियर है। दरअसल मई में डॉ. चंद्राकर ने रायगढ़ मेडिकल कॉलेज का डीन बनने से इनकार कर दिया था। ऐसे में शासन दोबारा उनके नाम पर विचार करे ऐसा नहीं लगता।
डॉ. चंद्राकर आदिवासी बालक बोधराम बेतरा की मौत के लिए गठित जांच कमेटी के चेयरमैन भी थे। उन पर न्यूरो सर्जन डॉ. राजीव साहू के खिलाफ एकतरफा रिपोर्ट बनवाने का आरोप भी लगा था। यही नहीं जब आंख में लकड़ी घुसे बालक को लेकर परिजन आए तो आंबेडकर अस्पताल के सीएमओ ने बालक को पहले इलाज के लिए नेत्र रोग विभाग ही भेजा था।
इसके बावजूद नेत्र रोग विभाग के डॉक्टरों ने दूसरे विभाग का मामला होने की बात कहकर बालक का समय पर इलाज नहीं किया। नेत्र रोग के डॉक्टरों की लापरवाही छिपाने के लिए ही डॉ. चंद्राकर को कमेटी का चेयरमैन बनाने की बात भी आती रही। रिपोर्ट चार घंटे में द्वेषवश तैयार कर रिपोर्ट भेज दी गई थी। ऐसे में शासन डॉ. चंद्राकर को डीन बनाने के बारे में शायद ही विचार करे। दूसरी ओर डॉ. सिंह की छवि निर्विवाद रही है। ऐसे में उन्हें डीन का जिम्मा दिया जा सकता है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.