खराब सड़कों पर भड़के लोक निर्माण मंत्री
रायपुर। राजधानी में खराब सड़कों को लेकर लोक निर्माण मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने जमकर नाराजगी जताई। उन्होंने खराब सड़कों का तत्काल निरीक्षण कर उनकी मरम्मत के निर्देश दिए। राजधानी की मुख्य सड़कें बारिश के कारण उखडऩे लगी है। डामर पानी में बहने के कारण गिट्टी बाहर आ गई है। इससे सड़कों पर धूल बढ़ गई है।
विभाग के इंजीनियर इसमें डामर की हल्की परत चढ़वा रहे हैं, लेकिन राजधानी की ज्यादातर सड़कों की स्थिति खराब है। मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को कहा कि जिस ठेकेदार ने सड़कें बनाई है, उससे मरम्मत कराई जाए। बैठक में प्रमुख सचिव आरपी मंडल, उपसचिव जितेंद्र शुक्ला, ईएनसी डीके प्रधान समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।