- Hindi News
- ताजनगर में जमकर चली लाठियां, पत्थर और डंडे... दर्जनों महिलाएं बच्चे घायल
ताजनगर में जमकर चली लाठियां, पत्थर और डंडे... दर्जनों महिलाएं-बच्चे घायल
रायपुर। ताजनगर में मंगलवार सुबह साढ़े 8 बजे दो गुटों में हुई जमकर मारपीट के बाद तनाव फैल गया। युवकों के अलग-अलग दलों के बीच ईंट, पत्थर और जमकर लाठी-डंडे चले। इस बीच कुछ के घर घुसकर भी हमला किया गया। बलवाइयों ने एक दुकान भी लूट ली। घटना में महिलाएं और बच्चों समेत दो दर्जन से ज्यादा घायल हुए। इसमें छह की हालत गंभीर है।
राजातालाब के ताजनगर इलाके में बलवा की यह दूसरी बड़ी घटना है। पिछले साल नवरात्रि के दौरान यहां मूर्तियों से छेड़छाड़ करने को लेकर दो गुटों में जमकर मारपीट हुई थी। तब से यहां के मोहल्लों में जबर्दस्त तनाव था। मंगलवार को एक युवक की खेल-खेल में पिटाई के बाद दो पक्ष आमने-सामने आ गए। उनके बीच जमकर पहले जमकर लाठी-डंडा चला और उसके बाद पत्थर और ईंट से पूरे मोहल्ले में घमासान हुआ। बलवाइयों की भीड़ ने कुछ के घरों में भी हमला किया।
इस दौरान मोहम्मद जावेद और रोकवाया खातून नाम की महिला की तालाबंद दुकान लूट ली गई। उन्होंने इस संबंध में पुलिस में रिपोर्ट करवाई है। साथ ही जिस युवक की रात में धुनाई की गई, उसके तरफ से भी पुलिस ने दर्जनभर युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया है। घटना की खबर मिलते ही पुलिस फोर्स इलाके में पहुंची, लेकिन बलवाइयों की भीड़ ज्यादा थी।
पुलिस नाकाफी हुई तो बाद में और फोर्स बुलवाया गया। तब तक दोनों गुटों की ओर से 100-200 युवकों की भीड़ आपस में लाठी-डंडे और ईंट-पत्थरों से एक दूसरे पर हमला करते रहे। पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचने के बाद युवकों से लाठी-डंडे छुड़ाई और एक हथियारबंद युवक को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दोनों को बल पूर्वक खदेड़ा और दो-ढाई घंटे बाद जाकर मामला शांत हो सका। बाद में दोनों पक्षों को सिविल लाइंस के पुलिस कंट्रोल रूम बुलवाकर समझौता करवाया गया।
देर रात तक मोहल्ले में दहशत
ताजनगर में बार-बार इस घटना के बाद से इलाके में जबर्दस्त दहशत का माहौल है। रात 2 बजे से ही वहां मारपीट के बाद तनाव था। बरसते पानी में कई घरों की महिलाएं छत पर बैठीं रही। सुबह दोबारा झगड़ा हुआ और 8 बजे विवाद ने विकराल रूप ले लिया। घटना के बाद से लोगों ने अपने घरों के खिड़की-दरवाजे बंद कर लिए। दोपहर बाद जब पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।