- Hindi News
- आंबेडकर अस्पताल में 10 हजार रुपए की पाकिटमारी के बाद भी बेसुध प्रबंधन
आंबेडकर अस्पताल में 10 हजार रुपए की पाकिटमारी के बाद भी बेसुध प्रबंधन
रायपुर। आंबेडकर अस्पताल के रेडियो डायग्नोसिस विभाग में पाकिटमारी के बाद भी प्रबंधन बेसुध है। गुरुवार की सुबह मरीजों के रेलमपेल के बीच अवांछित लोग भी नजर आए, जिनका अस्पताल में कोई काम नहीं है। ऐसी एक महिला को गार्ड ने पकडऩे की कोशिश की, लेकिन वह मौका पाते ही भाग निकली।
बुधवार की दोपहर बजे एक मरीज के अटेंडेंट की जेब से 10 हजार रुपए की पाकिटमारी हो गई। पाकिटमार सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। वह पहले भी अस्पताल में घूमते पाया गया है। अस्पताल में किसी मरीज के अटेंडेंट का इतनी बड़ी रकम पार होना पहली घटना है। अस्पताल के वेब प्रभारी हेमंत सोलंकी से मिली जानकारी के अनुसार दोपहर 12.31 बजे कमरा नंबर 20 के पास गांव से आए मरीज के अटेंडेंट का 10 हजार रुपए पार हो गया। व्यक्ति ने इसकी जानकारी गार्ड को दिया। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाला गया। सीसीटीवी में पाकिटमार गमछा बांधे नजर आ रहा है। उसका चेहरा भी दिख रहा है।
गमछा बांधा था पाकिटमार ने
ठीक 12.31 बजे वह व्यक्ति की जेब को झांक रहा है। झांकने के बाद बड़ी सफाई से जेब से पैसा निकाल लिया। इस दौरान कुछ नोट जमीन पर गिर गए। गिरे नोट उठाया और बड़े आराम से वहां से निकल गया। उस व्यक्ति को बाद में पैसा चोरी होने का पता चला। अस्पताल चौकी में इसकी सूचना दी गई। अभी पुलिस ने सीसीटीवी के फुटेज नहीं मांगे हैं। रेडियो डायग्नोसिस विभाग में हाल ही में सीसीटीवी कैमरा लगाया गया है। अस्पताल में पाकिटमार व चोर घूमते रहते हैं, जो मौका मिलते ही जेब साफ कर निकल जाते हैं।