पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंरायपुर । नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर सुबह 10 बजे नगर निगम स्कूल के छात्रों ने जयस्तंभ चौक से स्टेशन रोड चौक पर सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा तक रैली निकालकर उनको नमन किया। रैली का शुभारंभ महापौर किरणमयी नायक, सभापति संजय श्रीवास्तव ने किया। स्कूली छात्रों ने तुम मुझे खून दो मैं तुम्हें आजादी दूंगा के नेताजी के नारे को बुलंद करते हुए मार्च पास्ट की शक्ल में रैली निकाली।
नेताजी की तरह अपने जीवन में कम्युनिकेशन, कमिटमेंट और मैनेजमेंट में आगे बढ़े
भारत स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा गुरुवार को नेताजी सुभाषचंद्र बोस जयंती मनाई गई। राज्य मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में स्काउट्स व गाइड्स के कैडेट व पदाधिकारी शामिल हुए। इस मौके पर राज्य मुख्य आयुक्त जी. स्वामी ने कहा कि सुभाषचंद्र बोस देश के प्रति समर्पित थे।
नेताजी ने सेवा के माध्यम से अपनी पहचान बनाई और देश का नाम रोशन किया। वहीं कार्यक्रम में शामिल अजय अवस्थी ने कहा कि नेताजी की तरह ही सभी को अपने जीवन में कम्युनिकेशन, कमिटमेंट, मैनेजमेंट में आगे बढऩा चाहिए। इस मौके पर राज्य सचिव बी. रमेश पटनायक, सरिता पांडेय, जीपी बुधौलिया शामिल हुए।
नेताजी से सीखें लीडरशिप
इंडियन सिविल सर्विसेज में चुने जाने के बाद भी त्यागपत्र देकर, आजादी के आंदोलन में कूदना और आजाद हिंद फौज बनाना आसान नहीं था। नेताजी सुभाष चंद्र बोस अपनी जबरदस्त नेतृत्व क्षमता और कौशल की वजह से ही यह कर पाए। अग्रसेन कॉलेज में गुरुवार को नेताजी की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में लेक्चरर डॉली पाण्डे ने बताया कि उनके जीवन की घटनाओं से कैसे युवा वर्ग प्रेरणा ले सकता है।
विचार गोष्ठी में प्राचार्य देवेश शर्मा ने कहा कि नेताजी के व्यक्तित्व से आज भी समाज को बहुत कुछ सीखने की जरूरत है। प्राध्यापक विभाष कुमार झा ने कहा कि नेताजी कहते थे कि स्थायी रूप से विलक्षण करने के लिए जीवन में आदर्श, विचार और सपने का होना बेहद जरूरी है। यह बात उन्होंने अपने जीवन में अपनाई भी। युवाओं को भी इसे अपनाना चाहिए। कॉलेज के संचालक डॉ वीके अग्रवाल ने भी सुभाष चंद्र बोस के योगदान को याद किया। कार्यक्रम का संचालन दीपिका अवधिया ने किया।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.