- Hindi News
- एम्स भी आंबेडकर अस्पताल की राह पर, घंटों इंतजार करने के बाद भी नहीं हुआ इलाज
एम्स भी आंबेडकर अस्पताल की राह पर, घंटों इंतजार करने के बाद भी नहीं हुआ इलाज
रायपुर। लगता है कि एम्स भी आंबेडकर अस्पताल की राह पर चल पड़ा है। सुबह 7 बजे से लाइन लगाकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे मरीजों का इलाज के लिए नंबर ही नहीं आता। गुरुवार को दो ऐसा ही केस सामने आया। परेशान मरीज के परिजन इलाज कराने के बजाय ओपीडी कार्ड फाड़कर घर चले गए।
हीरापुर निवासी 40 वर्षीय सुख बाई को बच्चेदानी में कुछ समस्या है। वह सुबह 7 बजे से एम्स पहुंच गई थी। कार्ड भी जमा कर दिया था। जब 11.30 बजे तक माइक में उनका नाम नहीं पुकारा गया तो उसके साथ गए मनोज ने डॉक्टर से पूछा। डॉक्टर ने बताया कि जब नाम पुकारा जाएगा, तब आ जाना। 12 बजे तक नाम नहीं पुकारा गया तो दोबारा वह डॉक्टर के पास गया और पूछने लगा कि कब तक नंबर आएगा। इस पर डॉक्टर भड़क गया। मनोज ने बताया कि उनका ओपीडी कार्ड को नीचे दबाकर रख दिया गया था। जबकि उसके बाद आने वाले मरीज इलाज करवाकर चले गए।
दर्द से परेशान महिला की भी सुध नहीं ली
एक अन्य महिला हड्डी में दर्द से परेशान थी। दर्द इतना था कि वह बैठ नहीं पा रही थी। वह ओपीडी में ही लेट गई थी। वह भी सुबह से इलाज कराने के लिए आई थी, लेकिन उसका नंबर नहीं आया। थक हारकर डॉक्टर से इलाज के लिए गुहार लगाई, तब उसे डॉक्टर ने देखा और इलाज किया।