नेताजी से सीखें लीडरशिप
रायपुर। इंडियन सिविल सर्विसेज में चुने जाने के बाद भी त्यागपत्र देकर, आजादी के आंदोलन में कूदना और आजाद हिंद फौज बनाना आसान नहीं था। नेताजी सुभाष चंद्र बोस अपनी जबरदस्त नेतृत्व क्षमता और कौशल की वजह से ही यह कर पाए। अग्रसेन कॉलेज में गुरुवार को नेताजी की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में लेक्चरर डॉली पाण्डे ने बताया कि उनके जीवन की घटनाओं से कैसे युवा वर्ग प्रेरणा ले सकता है।
विचार गोष्ठी में प्राचार्य देवेश शर्मा ने कहा कि नेताजी के व्यक्तित्व से आज भी समाज को बहुत कुछ सीखने की जरूरत है। प्राध्यापक विभाष कुमार झा ने कहा कि नेताजी कहते थे कि स्थायी रूप से विलक्षण करने के लिए जीवन में आदर्श, विचार और सपने का होना बेहद जरूरी है। यह बात उन्होंने अपने जीवन में अपनाई भी। युवाओं को भी इसे अपनाना चाहिए। कॉलेज के संचालक डॉ वीके अग्रवाल ने भी सुभाष चंद्र बोस के योगदान को याद किया। कार्यक्रम का संचालन दीपिका अवधिया ने किया।