- Hindi News
- खुशखबरी आंबेडकर अस्पताल में कैंसर का ऑपरेशन शुरू
खुशखबरी- आंबेडकर अस्पताल में कैंसर का ऑपरेशन शुरू
रायपुर। प्रदेश के सबसे बड़े अस्पताल आंबेडकर में गुरुवार को कैंसर की सर्जरी शुरू हो गई। स्वास्थ्य मंत्री अमर अग्रवाल 3 फरवरी को शाम 4 बजे आंको सर्जरी यूनिट का औपचारिक लोकार्पण करेंगे। इसी दिन पेन एंड पैलोटिन क्लिनिक भी शुरू हो जाएगा। यहां स्मार्टकार्डधारी व बीपीएल मरीजों का ऑपरेशन नि:शुल्क किया जाएगा। जबकि निजी अस्पतालों में इसका खर्च दो से तीन लाख रुपए होता है।
राजनांदगांव की 36 वर्षीय महिला को ब्रेस्ट कैंसर था। गुरुवार को उसका सफल ऑपरेशन आंको सर्जन डॉ. शुभाव्रता दास ने किया। आंको एनीस्थिसिशिस्ट डॉ. आशीष मजूमदार थे। कैंसर विभाग के एचओडी डॉ. विवेक चौधरी ने बताया कि दो नई ओटी में एक बनकर पूरी तरह तैयार है। दूसरी ओटी को भी ऑपरेशन के लायक जल्द कर लिया जाएगा। पुरानी ओटी में महिला मरीज का ऑपरेशन किया गया। छग में अभी तक यह सुविधा निजी अस्पतालों में उपलब्ध है। सरकारी अस्पताल में कैंसर का ऑपरेशन शुरू होने से गरीब व मध्यमवर्गीय परिवार को बड़ी राहत मिलेगी। डॉ. चौधरी ने बताया कि अस्पताल में हर माह 20 ऑपरेशन किए जाएंगे।