पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • फरवरी के दूसरे सप्ताह में जारी होगी रविवि की समय सारणी

फरवरी के दूसरे सप्ताह में जारी होगी रविवि की समय-सारणी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

रायपुर। पं.रविशंकर शुक्ल यूनिवर्सिटी की मुख्य परीक्षा की समय-सारणी फरवरी के दूसरे सप्ताह में जारी होने की संभावना है। ऑनलाइन पद्धति के माध्यम आवेदन भरने की तिथि खत्म होने के बाद अब विवि समय-सारणी जारी करने की तैयारियों में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि कुछ दिनों बाद छात्रों की पूरी संख्या की जानकारी मिल जाएगी। इसके बाद समय-सारणी जारी की जाएगी।


गौरतलब है कि आवेदन जारी करने के अपने निर्धारित समय-सीमा से पिछडऩे के डेढ़-दो महीने बाद विवि ने इस बार मुख्य परीक्षा के आवेदन की प्रक्रिया शुरू की। शुरुआत में स्नातक दूसरे व तीसरे और स्नातकोत्तर के लिए आवेदन जारी किए गए। इसके बाद विवि ने स्नातक प्रथम वर्ष के लिए ऑनलाइन पद्धति से आवेदन जारी किए। सभी परीक्षाओं के फार्म भरने की तिथि खत्म होने के बाद विवि ने राहत की सांस ली है। अब विश्वविद्यालय की ओर से परीक्षा के आयोजन की तैयारियां शुरू हो गई है। अधिकारियों का कहना है कि 29 जनवरी तक आवेदन की हार्डकॉपी कॉलेजों में जमा होगी। इसके बाद से पूरी तरह से आवेदन की भूमिका खत्म हो जाएगी। इसके बाद फार्म की स्क्रीनिंग सहित अन्य काम शुरू हो जाएंगे। चूंकि परीक्षा मार्च के दूसरे सप्ताह में प्रस्तावित है।

इस वजह से फार्म की स्क्रीनिंग व प्रवेश पत्र बनाने की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी। वहीं दूसरी ओर फरवरी के दूसरे सप्ताह में परीक्षा के लिए समय-सारणी भी घोषित कर दी जाएगी।


गौरतलब है कि मुख्य परीक्षा के लिए बीए,बीकॉम, बीएससी व बीसीए प्रथम वर्ष से करीब 91 हजार छात्रों ने ऑनलाइन आवेदन किया है। अधिकारियों का कहना है कि पिछली बार की तुलना में चार-पांच सौ छात्र प्रथम वर्ष में बढ़े हैं। हालांकि इस बार मुख्य परीक्षाओं में कुल कितने छात्र शामिल होंगे यह स्थिति दो-चार दिन बाद साफ होगी। फिर भी संभावना है कि सवा दो लाख से ज्यादा छात्र मुख्य परीक्षाओं में शामिल होंगे।