रायपुर। लोकसभा चुनाव के अपने अभियान के दौरान कांग्रेस उपाध्यक्ष
राहुल गांधी ने बुधवार को रायपुर में बड़ा ऐलान किया। उन्होंने दो टूक कहा-लोकसभा चुनाव के बाद कांग्रेस में गहरा बदलाव होगा। इस बदलाव में नेताओं की नहीं, बल्कि आम कार्यकर्ताओं की बात सुनी जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा-ये बात आप लिख लो और अपनी जेब में डाल लो। कांग्रेस पार्टी में अब बदलाव आने वाला है। आप जाइए और लडि़ए। छत्तीसगढ़ की 11 की 11 सीट जीतकर दिखाइए।
रायपुर के बलबीर जुनेजा इंडोर स्टेडियम में राहुल ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में हम विपक्ष को एक भी सीट नहीं जीतने देंगे। हम शत प्रतिशत चुनाव जीतेंगे। एक इंच भी विपक्ष को नहीं जीतने देंगे। उन्होंने कहा कि गरीब और मिडिल क्लास पर पार्टी का फोकस होगा और मनरेगा, फूड सेफ्टी, आधार व आरटीआई चुनाव में जीत के औजार होंगे जिन्हें लेकर कार्यकर्ताओं को गांव गांव जाना होगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष या मंत्री नहीं, कांग्रेस में अब जो कुछ भी हैं वो कार्यकर्ता ही हैं। राहुल ने अपने दस मिनट के भाषण में कार्यकर्ताओं में एक नया जोश भरने की कोशिश की। इस दौरान उन्होंने पार्टी के पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं से बंद कमरे में राज्य और पार्टी के राजनीतिक हालात पर चर्चा भी की।
मिटाने वाले खुद मिट जाएंगे
राहुल ने भाजपा पर करारा वार करते हुए कहा कि वे कांग्रेस को खत्म करने की बात कर रहे हैं लेकिन कांग्रेस ऐसी विचारधारा है जो हजार साल बीत जाने के बाद भी खत्म नहीं हुई। हम सबको साथ लेकर चलने की बात करते हैं इसलिए हम लोगों के दिलों में हैं। हमको जो मिटाने की कोशिश करेगा वो खुद ही मिट जाएगा।
70 करोड़ मिडिल क्लास के लिए काम करना है
राहुल गांधी के भाषण में आम आदमी की अहमियत झलकी। उन्होंने स्पष्ट किया कि 2014 में उनका सारा फोकस ऐसे लोगों पर होगा जो गरीबी रेखा से ऊपर हैं, लेकिन मिडिल क्लास से नीचे हैं। गरीबों की मदद के लिए सारे काम किए जाएंगे, लेकिन मिडिल क्लास फैमिली और ऊपर आए इसलिए इनके लिए खास योजनाएं लाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि भारत में ऐसे लोगों की संख्या 70 करोड़ से भी ज्यादा है। इनमें बढ़ई, मिस्त्री, ड्राइवर जैसे लोग शामिल हैं जो अपने पसीने से देश को आगे बढ़ा रहे हैं। अब इन लोगों को मजबूत किया जाएगा।