ग्रैंड फिनाले में छाया थीम बेस डांस
रायपुर। सेजबहार स्थित प्रगति कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड मैनेजमेंट में राज्यस्तरीय इंटर स्कूल डांस प्रतियोगिता के ग्रैंड फिनाले में प्रतिभागी पूरे जोश और उमंग में नजर आए। राज्य के अलग-अलग शहर से पहुंचे प्रतिभागियों को जब फाइनल में परफॉर्म करने का मौका मिला तो सभी ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति दी। इस पूरे इवेंट में थीम बेस डांस छाया रहा। हर डांस के बाद मैसेज देते प्रतिभागियों ने भीड़ से हटकर करने की पूरी कोशिश भी की। जिसमें कुछ ग्रुप और कुछ सोलो परफॉर्मेंस रहें। प्रतियोगिता के जजेस छत्तीसगढ़ी फिल्म के कोरियोग्राफर दिलीप बैस व मुंबई से आए वीर थापा ने न केवल प्रतिभागियों की प्रस्तुति को सराहा, बल्कि उन्हें किसी भी डांसिंग कंपटीशन में किस तरह भागीदारी करें, वो गुरु मंत्र भी दे दिया।
गजब का बैलेंस: पंथी नृत्य में प्रतिभागियों ने जब पिरामिड बनाया तो उनके बैलेंस को देखकर सभी ने न केवल सराहना की, बल्कि खूब तालियां भी बजी। इन प्रतिभागियों ने पहली बार पंथी नृत्य किया और पिरामिड का बैलेंस भी बखूबी बनाया। वहीं फ्रेंड्स ग्रुप ने आग के बीच डांस पेश किया। नेचरल नट्स ग्रुप ने वेस्टर्न सांग पर ऐसी प्रस्तुति दी की दर्शक दीर्घा से लोगों ने प्रभुदेवा स्टाइल कहकर संबोधित करने लगे। वहीं भिलाई के प्रतिभागी तरुण कुमार ने मां काली का रुप बनाकर तांडव प्रस्तुति किया। जीएन मैट्रिक्स ग्रुप ने हिपहॉप डांस में स्टंट पेश किया तो यूडीसी स्कॉड ग्रुप ने फ्यूजन करके खूब तारीफ पाई।
इन्हें मिला पुरस्कार: सोलो डांस कंपटीशन में प्रथम दुर्ग के तरुण शर्मा, द्वितीय रायपुर के सोमा मुखर्जी।
ग्रुप डांस प्रतियोगिता में प्रथम स्पर्श ग्रुप व द्वितीय सलीम जांगड़े ग्रुप।
बेस्ट कोरियोग्राफर का खिताब सरगम ग्रुप, बेस्ट इंटरटेनर का खिताब सत्यम गुप्ता, बेस्ट कास्ट्यूम का खिताब रामेश्वरी ग्रुप, बेस्ट थीम का खिताब सनसाइन ग्रुप, बेस्ट एनर्जी का खिताब मैट्रिक्स ग्रुप व बेस्ट एक्सप्रेशन का खिताब दीपक सिंह को दिया गया।