पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • 24 Suspended Medical Students Restored, Raipur

मेडिकल कॉलेज के २४ सस्पेंड स्टूडेंट्स को किया गया बहाल

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

रायपुर। नए साल के एक दिन पहले बिना बताए सिरपुर टूर पर जाने वाले सभी सस्पेंड 24 स्टूडेंट्स को मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने शुक्रवार को बहाल कर दिया गया है। इनमें सात से आठ छात्राएं भी हैं। टूर के दौरान द्वितीय वर्ष के छात्र अविनाश शर्मा की मौत हो गई थी।

सस्पेंड स्टूडेंट्स के माता-पिता ने कॉलेज प्रबंधन को इस बात की गारंटी दी है कि उनके बच्चे अब अनुशासन नहीं तोड़ेंगे। अगर तोड़ेंगे तो कॉलेज प्रबंधन के निर्णय मानने के लिए बाध्य रहेंगे। माता-पिता के शपथ पत्र भरने के बाद कॉलेज प्रबंधन ने सभी स्टूडेंट्स को बहाल कर दिया। अब स्टूडेंट्स क्लास अटेंड कर पाएंगे।

क्या था मामला

31 दिसंबर को मेडिकल कॉलेज के द्वितीय वर्ष के छात्र अविनाश शर्मा की सिरपुर स्थित महानदी में डूबकर मौत हो गई थी। वह पटना का रहने वाला था। उसके साथ कॉलेज 24 छात्र-छात्राएं नववर्ष की पूर्व संध्या पर पिकनिक मनाने गए थे। सभी चिकित्सा छात्र देवेंद्रनगर में किराए के मकान में रह रहे हैं। सिरपुर पहुंचने के बाद विद्यार्थी महानदी में नहा रहे थे। उसी दौरान अविनाश डूब गया। साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वे असफल रहे थे।

कॉलेज प्रबंधन को नहीं दी थी सूचना
31 दिसंबर को हुई इस घटना से मेडिकल कॉलेज प्रबंधन भौंचक था। स्टूडेंट्स ने टूर की आधिकारिक सूचना कॉलेज प्रबंधन को नहीं दी थी। कॉलेज प्रबंधन इस दुखद घटना के बाद किसी भी स्टूडेंट्स को माफ करने के पक्ष में नहीं था। अनुशासन समिति की बैठक में पेनाल्टी लगाने पर चर्चा हुई, लेकिन कमेटी के सदस्यों का कहना था कि पेनाल्टी पटाने के बाद स्टूडेंट्स अनुशासन का पालन करेंगे, ऐसा नहीं लगता। बिना बताए टूर पर गए छात्रों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई की जाए, जिससे उन्हें सबक मिले। फिर कमेटी ने सभी स्टूडेंट्स को 15 दिनों के लिए सस्पेंड करने का निर्णय लिया गया था।